- Hindi News
- सचिव से परेशान सरपंच ने की इस्तीफे की पेशकश
सचिव से परेशान सरपंच ने की इस्तीफे की पेशकश
सागर. केसली जनपद के तहत आने वाली ग्राम पंचायत धबई की सरपंच ने सचिव की कार्यप्रणाली से तंग आकर इस्तीफा देने की पेशकश की है। सरपंच ने सचिव की कारगुजारियों की शिकायत समाधान ऑनलाइन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी की है। शिकायत में सरपंच कुंअर बाई ने कहा है कि सचिव अरुण सिंह राजपूत ने स्थानांतरण के बाद से अब तक पंचायत का प्रभार प्रशासन द्वारा तय किए गए अन्य कर्मचारी को नहीं सौंपा है। दबंग सचिव कोरे कागज, चेकों तथा केशबुक पर धमकी देकर हस्ताक्षर कराते हैं। मना करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देते हैं। इस संबंध में 18 जुलाई 2010 को जन शिकायत निवारण विभाग भोपाल को पीजी/126043/2010 में शिकायत की गई थी। इसके बाद सचिव ने राजीनामा कराकर स्टांप पर हस्ताक्षर करा लिए तथा शिकायत को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व देवरी के यहां प्रस्तुत कर शिकायत नस्तीबद्ध करा दी। राजीनामा होने के बाद से उस पर सचिव ने अमल नहीं किया। मुझे आज तक योजनाओं तथा कार्यों की कोई जानकारी नहीं दी गई, जिससे ग्राम का विकास एवं गरीबों तक योजनाओं की जानकारी नहीं पहुंच पा रही है।