मैनेजर के सूने घर से डेढ़ लाख की चोरी
सागर - बड़तूमा के पास सागर एस्टेट कॉलोनी में अज्ञात चोर, सूने घर से लगभग डेढ़ लाख के सोने के जेवरात चुरा ले गए। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिवार के लोग इलाहाबाद से लौटकर घर पहुंचे। मकान मालिक सिरोंजा स्थित सांची दूध प्लांट में मैनेजर है। घटना 26 जनवरी को रात 9.30 बजे के आसपास की है। पदमाकर पुलिस थाना से मिली जानकारी सागर एस्टेट कॉलोनी में हेमराज पटेल का मकान है। वह अपने परिवार के साथ इलाहाबाद गए हुए थे। जब घर वापस पहुंचे, तो मकान का ताला टूटा देखकर अवाक रह गए। अंदर जाकर देखा, तो सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर करीब 3 तोला वजनी सोने की 4 चूड़ी, 4 तोला वजनी 4 कंगन व 1 हार, 2 तोला वजनी 2 नग हार, करीब डेढ़ तोला वजनी 1 ब्रेसलेट तथा 1 मंगलसूत्र जिसका वजन करीब 1 तोला चुरा ले गए। उन्होंने घटना की सूचना पदमाकर पुलिस थाना को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चोरी गए सामान की कीमत 1 लाख 37 हजार रुपए बताई है।