- Hindi News
- कड़ाके की ठंड में दिखी देशभक्ति की गर्मजोशी
कड़ाके की ठंड में दिखी देशभक्ति की गर्मजोशी
नगर संवाददाता - सागर
जिले में गणतंत्र दिवस परंपरागत तरीके से मनाया गया। जगह-जगह तिरंगा फहराकर सलामी दी गई। आजादी के तराने गूंजे, प्रभातफेरियां निकाली गईं। स्कूली बच्चों ने देश भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर मन मोह लिया। पीटीसी मैदान पर हुए मुख्य समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की सीट तक पहुंचकर पंचायत मंत्री ने उनका सम्मान किया। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। समारोह में बेहतर प्रदर्शन के लिये पुरस्कार भी वितरित किये। मुख्य अतिथि भार्गव ने परेड का निरीक्षण किया। पुलिस और एनसीसी कैडेटों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। परेड के बाद स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पीटी और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
6 स्कूलों को 11-11 हजार एवं 24 स्कूलों को 5-5 हजार मिलेंगे
मंत्री भार्गव ने प्रदर्शन में शामिल 6 स्कूलों को 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने 24 शालाओं को 5-5 हजार रुपए देने की घोषणा की। सरकारी विभागों की ओर से योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली गई। समारोह में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे व लोग उपस्थित थे।
स्कूली बच्चों के साथ भोजन किया : मुख्य समारोह के बाद एमएलबी स्कूल में मध्यान्ह भोजन के तहत मंत्री भार्गव ने स्कूली बच्चों के साथ भोजन किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। रवींद्र भवन परिसर में लगी विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्य समारोह के अलावा कमिश्नर कार्यालय में कमिश्नर आरके माथुर ने, कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर योगेंद्र शर्मा ने तिरंगा फहराया।
पंचायत मंत्री ने किया ध्वजारोहण ...और शान से लहरा उठा तिरंगा