- Hindi News
- मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की पहली चयन सूची जारी
मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों की पहली चयन सूची जारी
बीएमसी : १५ जनवरी को हुए वॉक इन इंटरव्यू का परिणाम घोषित
नगर संवाददाता - सागर
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने आठ जूनियर रेसिडेंट डॉक्टरों की चयन सूची जारी की है। इन सभी के १५ जनवरी को वॉक इन इंटरव्यू हुए थे। जानकारी के अनुसार बीएमसी में जेआर/एसआर डॉक्टरों भर्ती के लिए प्रत्येक मंगलवार को साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। १५ जनवरी से भर्ती शुरू की गई है। कॉलेज स्तर पर गठित चयन समिति के हस्ताक्षर से जारी चयन सूची में ५ अनारक्षित, १ पिछड़ा वर्ग तथा १ अनुसूचित जाति श्रेणी में चयन किया गया है। जूनियर रेसिडेंट डॉक्टर के पद पर चयनित सूची के अनुसार डॉक्टर चंद्रशेखर रावत, डॉ. वैभव सिंघई, डॉ. मोहन बाबू नेमा का जनरल मेडिसिन विभाग, डॉ. सुलभ तिवारी, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह तोमर हड्डी रोग विभाग, डॉ. वरुण पाठक शिशु रोग विभाग, डॉ. श्वेता सरौठिया ऑब्स एण्ड गायनी विभाग, डॉ. नंदकिशोर जाटव का सर्जरी विभाग के लिए चयन किया गया है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा इन सभी को ज्वॉइनिंग लेटर भेजे जा रहे हैं। बीएमसी में एमसीआई निरीक्षण के मद्देनजर जेआर/एसआर स्तर पर खाली पदों को जल्द से जल्द भरने के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। वर्तमान में कॉलेज में जेआर के करीब ४१ पद व एसआर के करीब ३६ पद खाली हैं। इनके न होने से अस्पताल में चिकित्सकीय काम तो प्रभावित होता ही है, मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। एमसीआई टीम के निरीक्षण से पहले कॉलेज प्रबंधन को यह पद भरने हैं।
जेआर पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए ज्वॉइनिंग लेटर जारी किए जा रहे हैं। मंगलवार को भी जेआर/एसआर के लिए साक्षात्कार लिए गए हैं। जल्द ही दूसरी सूची जारी की जाएगी।
- डॉ. आरएस वर्मा, प्रभारी डीन, बीएमसी, सागर