- Hindi News
- सागर के भूपेंद्र एवं सागर शर्मा के उम्दा प्रदर्शन से मध्यप्रदेश ऑल इंडिया चैंपियन
सागर के भूपेंद्र एवं सागर शर्मा के उम्दा प्रदर्शन से मध्यप्रदेश ऑल इंडिया चैंपियन
नगर संवाददाता - सागर
विजय मर्चेंट ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में पंजाब को हराकर मध्यप्रदेश अंडर-16 की टीम ने ऑल इंडिया चैंपियन ट्राफी जीत ली। इस जीत में सागर के डिवीजन के खिलाड़ी भूपेंद्र सिंह भदौरिया एवं सागर शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सागर शर्मा की फिरकी गेंदबाजी एवं साथी गेंदबाजों के बढिय़ा प्रदर्शन से मध्यप्रदेश ने पंजाब को पहली पारी में 261 रनों पर ही समेट दिया। इसके जवाब में एक समय मध्यप्रदेश की टीम 190 रनों पर 6 विकेट गंवा चुकी थी, टीम मुसीबत में थी। ऐसे में भूपेंद्र सिंह ने 60 रनों की बेहतरीन पारी खेलते हुए मध्यप्रदेश की पारी को संभाला। भूपेंद्र ने अपनी पारी में 6 चौके एवं 3 छक्के लगाए। उन्होंने राहुल बाथम के साथ सातवें विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी की बदौलत मध्यप्रदेश ने पहली पारी में 311 रन बनाए। टीम को 50 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिली। दूसरी पारी में पंजाब की पारी 279 रनों पर ही सिमट गई। 230 रनों के लक्ष्य को मध्यप्रदेश की टीम ने मात्र 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुकाबला 6 विकेट से जीता। इससे पहले भूपेंद्र ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से कई मैचों में जीत दिलाई। अपने पदार्पण मैच में विदर्भ के खिलाफ 56 रन बनाए, 2 विकेट लिए। उत्तरप्रदेश के खिलाफ 2 विकेट लिए। गुजरात के खिलाफ मैच में 116 रन बनाए, 2 विकेट भी लिए। बंगाल के खिलाफ 2 विकेट लिए और 30 रनों की उपयोगी पारी खेली। फाइनल में बढिय़ा प्रदर्शन किया। टीम के वापस लौटने पर इंदौर एयरपोर्ट पर टीम का भव्य स्वागत किया गया।
पटकुई निवासी भूपेंद्र जब सागर पहुंचे, तो उनके दादा गोकल सिंह, चाचा दुर्ग सिंह, पिता धर्मेंद्र सिंह भदौरिया आदि ने हर्ष व्यक्त किया। इसके अलावा सागर के ही एक अन्य खिलाड़ी सागर शर्मा ने 6 मैचों में 18 विकेट लिए। सागर डिवीजन के अन्य खिलाड़ी हर्ष शर्मा को फाइनल में जगह नहीं मिली, लेकिन उनका प्रदर्शन अच्छा रहा।