- Hindi News
- गुजारा भत्ता लेने के लिए महिला कलेक्टोरेट में डटी
गुजारा भत्ता लेने के लिए महिला कलेक्टोरेट में डटी
सागर - पति द्वारा त्याग देने के बाद गुजारा भत्ता नहीं देने से नाराज एक महिला अपने परिवार सहित कलेक्टोरेट में डटी हुई है। कलेक्टर कार्यालय के सामने बैठी महिला अंता बाई ने बताया कि उसके पति राम आसरे निवासी पवई तहसील जिला पन्ना ने उसे करीब 10 साल पहले छोड़ दिया था। उसने इस मामले में कुटुम्ब न्यायालय में केस किया था। जहां वर्ष 2011 में 1800 रु. प्रति माह गुजारा भत्ता देने के लिए फैसला सुनाया गया। महिला का कहना है कि उसके तीन बच्चे हैं, लेकिन उसके पति ने एक भी बार उसे भत्ता नहीं दिया। न्यायालय को इस मामले से अवगत कराया, तो वहां से वसूली वारंट जारी हो गया, लेकिन पुलिस इस मामले में रामआसरे को गिरफ्तार नहीं कर रही है। महिला के मुताबिक वह गढ़ाकोटा के महुआ सेमरा गांव की रहने वाली है। उसका कहना है कि जब तक उसके साथ न्याय नहीं होगा। वह कलेक्टोरेट से नहीं हटेगी। इधर इस मामले में पुलिस का कहना है कि संबंधित थाने से मामले से जानकारी ली जा रही है कि अब तक रामआसरे को गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा।