- Hindi News
- नगर निगम सीमा विस्तार के खिलाफ सरपंचों ने दिया मुख्यमंत्री को ज्ञापन
नगर निगम सीमा विस्तार के खिलाफ सरपंचों ने दिया मुख्यमंत्री को ज्ञापन
नगर संवाददाता.सागर
ग्राम पंचायतों को नगर निगम सीमा से मुक्त रखने की मांग को लेकर सरपंचों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन दिया। इसमें बताया गया है कि सागर नगर निगम विस्तार के लिए ग्रामीण क्षेत्र की जिन 23 ग्राम पंचायतों को चिन्हित किया गया है, उनमें सरपंच मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पंचायतों के विकास को पूरी गंभीरता से करा रहे हैं। प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत रजाखेड़ी सहित मकरोनिया, बड़तूमा, गंभीरिया, बामोरा को मिलाकर नगर पंचायत या नगर पालिका बनाने की मांग भी की गई है। दलील दी गई है कि यहां की आबादी करीब 1 लाख से अधिक होगी, ऐसे में यह उचित भी है। इस क्षेत्र के लोगों की मुख्य जीविका कृषि एवं कृषि आधारित कार्य हैं, ऐसे में यहां के लोग नगरीय सीमा में शामिल किए जाने पर विभिन्न प्रकार के शुल्कों का वहन नहीं कर पाएंगे। अन्य समस्याएं भी होंगी। लिहाजा ननि सीमा में मिलाने की जगह नगर पंचायत या नगर पालिका गठित की जाए। ज्ञापन देने वालों में रजाखेड़ी सरपंच सरोज विजय पटेल, मकरोनिया सरपंच लता वानखेड़े, रिछावर सरपंच विजय, मझगुवां सरपंच कुसुमरानी, गणेशप्रसाद आदि शामिल हैं। इसके साथ ही मकरोनिया एवं रजाखेड़ी पंचायतों के लिए विकास कार्यों के लिए अलग से विशेष आर्थिक सहायता देने की मांग भी की गई है।