- Hindi News
- ट्रक ने आरएसएस के जिला सह कार्यवाह को रौंदा
ट्रक ने आरएसएस के जिला सह कार्यवाह को रौंदा
नगर संवाददाता - सागर
सागर-बंडा मार्ग पर केरबना के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के सागर सह कार्यवाहक प्रदीप उपाध्याय को कुचल दिया। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वे स्वास्थ्य विभाग के एमपीडब्ल्यू थे। पुलिस के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ, जब वे अपनी बाइक से कर्रापुर जा रहे थे और पीछे से ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। बहेरिया पुलिस के अनुसार प्रदीप उपाध्याय अपनी बाइक क्रमांक एमपी १५ एमडी २६२२ से कर्रापुर में स्वास्थ्य विभाग की मीटिंग में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब १२.३० बजे साहू कृषि फार्म के सामने बंडा तरफ जा रहे ट्रक क्रमांक एमएच ०४ जीसी ८०६८ ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे उपाध्याय का सिर पहिए के नीचे आ गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके सिर से सीने तक का हिस्सा क्षत-विक्षत हो गया था। हादसे के बाद ट्रक का चालक व क्लीनर वाहन छोड़कर भाग निकले।
ट्रक के नीचे फंसी बाइक
को क्रेन से निकाला
पुलिस के अनुसार ट्रक तेज गति में जा रहा था। बाइक को ओवर टेक के प्रयास में हादसा हो गया। बाइक ट्रक के नीचे फंस गई थी, जिसे निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। ट्रक से दो मोबाइल जब्त किए गए हैं। मामले की जांच कर रहे बहेरिया थाने के एएसआई आरएल बायक ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है।
सड़क पर फैली गिट्टी से हादसे की आशंका
बहेरिया १०८ एंबुलेंस के डॉ.अखिलेश जैन व चालक अरविंद साहू ने बताया कि टीम के मौके पर पहुंचने के पहले ही घायल ने दम तोड़ दिया था। सागर-बंडा मार्ग का निर्माण चल रहा है। सड़क पर फैली गिट्टी से भी एक्सीडेंट की आशंका बनी हुई है।
सरस्वती शिक्षा परिषद से भी जुड़े थे उपाध्याय
स्व. उपाध्याय के परिचित सुशील भार्गव ने बताया कि वे मिलनसार और संघ के जिम्मेदार पदाधिकारी थे। उनकी उम्र लगभग ५५ साल थी। कुछ साल बाद रिटायरमेंट था। वे पूर्व में सरस्वती शिक्षा परिषद के जिला सचिव के पद पर भी रहे हैं। उनकी अंत्येष्टि गुरुवार सुबह ९.३० बजे केसली में होगी।
इंदौर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है बेटा
मृतक प्रदीप उपाध्याय का बेटा दीपक इंदौर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। उससे छोटी एक पुत्री दीपिका स्कूल में पढ़ती है। पहले वे कर्रापुर में रहते थे। वर्तमान में मकरोनिया दीनदयाल नगर कॉलोनी में रह रहे थे।
हादसा - सागर-छतरपुर रोड पर बुधवार दोपहर सड़क दुर्घटना