- Hindi News
- हॉकी में सिवनी से हारकर सागर की टीम प्रतियोगिता से बाहर
हॉकी में सिवनी से हारकर सागर की टीम प्रतियोगिता से बाहर
नगर संवाददाता - सागर
कटनी में खेली जा रही 47वीं ऑल इंडिया प्रतियोगिता में सागर जिला हॉकी संघ की टीम प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई है। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिवनी ने सागर को 2-0 से हराया। इससे पहले बुधवार को हुए रोमांचक लीग मुकाबले में सागर ने उमरिया को 4-3 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। प्रतियोगिता में देशभर की 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सागर और सिवनी के बीच मैच की शुरुआत दोनों ही टीमों के खिलाडिय़ों ने अच्छे से की। मुकाबला शुरुआत से आखिरी तक बराबरी का रहा। पूरे मैच के दौरान सिवनी की टीम को 5 तो सागर की टीम को 7 पेनॉल्टी कॉर्नर मिले। सिवनी के खिलाडिय़ों ने जहां इनमें से दो को गोल में बदलने में सफलता हासिल की, वहीं सागर के खिलाड़ी इन अवसरों को भुना नहीं सके। पहले हाफ के 25वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर सिवनी ने 1-0 की बढ़त हासिल की। इसके बाद सागर के खिलाडिय़ों ने लगातार जवाबी हमले किए। गोल के कई मौके बने, लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली। मैच समाप्ति के अंतिम क्षणों में एक और गोल कर सिवनी की टीम ने 2-0 की जीत दर्ज की। जिला हॉकी संघ सागर के सचिव मकसूद खान ने बताया कि इस जीत के साथ ही सिवनी की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है, जबकि सागर की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई है।