- Hindi News
- आईसीटीसी में जांच नहीं हुई, एआरटी में दवा नहीं मिली
आईसीटीसी में जांच नहीं हुई, एआरटी में दवा नहीं मिली
नगर संवाददाता - सागर
जिले में सरकारी अस्पतालों में खुले एकीकृत जांच एवं परामर्श केंद्र व बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्थित आईसीटीसी केंद्र व एआरटी सेंटर पर न तो मरीजों की एचआईवी जांचें हो सकीं और न ही यहां पंजीकृत एचआईवी/एड्स रोगियों को दवाएं मिल सकीं। दिन भर सभी केंद्रों पर ताले पड़े रहे और मरीज परेशान होते रहे। गुरुवार से सभी कर्मचारी अवकाश पर चले गए हैं।
अखिल भारतीय एड्स नियंत्रण कर्मचारी संघ के आह्वान पर मप्र एड्स कंट्रोल सोसायटी के तहत कार्यरत कर्मचारी गुरुवार से पांच दिवसीय सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। कर्मचारी वेतन बढ़ाने की मांग और 10 साल से कार्यरत कर्मचारियों को स्थाई करने की मांग को लेकर दिल्ली और भोपाल में प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरी ओर पूर्व घोषित सामूहिक अवकाश के बाद भी स्वास्थ्य विभाग व अस्पताल प्रबंधन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिए जाने के कारण जिला अस्पताल, बीना सिविल अस्पताल, मालथौन स्थित शासकीय अस्पताल, मेडिकल कॉलेज स्थित आईसीटीसी व एआरटी सेंटरों पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, इस कारण सेंटर बंद रहे और यहां आने वाले लोग परेशान होते रहे।
जिला अस्पताल के आईसीटीसी सेंटर पहुंचे लोगों व प्रसूता महिलाओं के परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने उन्हें एचआईवी जांच के लिखा था। यहां आए, तो आईसीटीसी सेंटर बंद है। कब खुलेगा कोई बताने वाला भी नहीं है। सुबह 10 बजे से यहां दर्जनों की तादाद में लोग चक्कर लगा रहे थे। बीएमसी के एआरटी सेंटर में भी यही हाल था। यहां सुबह सेंटर खुला था, लेकिन कर्मचारियों के न पहुंचने पर बंद कर दिया गया। यहां पर कई एचआईवी पॉजीटिव मरीज दवाएं लेने आए थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि अगले हफ्ते आना।
वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं
जिले के सभी आईसीटीसी सेंटरों पर डॉक्टर व कर्मचारियों की वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। मरीजों की जांचें कराई जाएंगी।
- डॉ. सीएल गोस्वामी, सीएमएचओ, सागर
एक डॉक्टर की ड्यूटी लगाई गई है
एआरटी सेंटर व आईसीटीसी सेंटर पर व्यवस्था बनाने के लिए प्रभारी डॉक्टर अभय तिर्की को निर्देश दे दिए गए हैं। एक डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ एआरटी सेंटर में मौजूद रहेगा। मरीजों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
- डॉ. आरएस वर्मा, अस्पताल अधीक्षक, बीएमसी, सागर
सामूहिक अवकाश
वेतन बढ़ाने व स्थाई करने की मांग को लेकर ५ दिन की हड़ताल पर हैं कर्मचारी