- Hindi News
- 14 घंटे ठप रहा बीएसएनएल का नेटवर्क, उपभोक्ता हुए परेशान
14 घंटे ठप रहा बीएसएनएल का नेटवर्क, उपभोक्ता हुए परेशान
नगर संवाददाता - सागर
भारत संचार निगम लिमिटेड ((बीएसएनएल)) का नेटवर्क गुरुवार देर शाम से शुक्रवार को सुबह तक ठप रहा। करीब 14 घंटों तक नेटवर्क नहीं रहने से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी हुई। बीएसएनएल के मुताबिक शाम 7 बजे से उनके तीन बीएससी ((बेस स्विचिंग सेंटर)) में से एक ठप हो गया था। इस बीएससी के जरिए मुख्यत: शहर के उपभोक्ताओं के फोन कनेक्टेड हैं। नतीजतन ज्यादा परेशानी उन्हीं को हुई। बाकी दो बीएससी दुरुस्त थीं, इसलिए जिले की बाकी तहसील में नेटवर्क ठीक रहा। यहां बता दें कि जिले में बीएसएनएल के 50 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं, जिनमें से आधे से ज्यादा शहर के हैं।
भोपाल से आए टेक्निकल एक्सपर्ट : बीएसएनएल के जिला दूरसंचार प्रबंधक ((टीडीएम)) एनके अग्रवाल के अनुसार बीएससी में खामी का पता चलते ही उसे भोपाल स्थित मेन स्विचिंग सेंटर ((एमएससी)) से सुधारने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद वहां से टेक्निकल एक्सपर्ट सागर आए। देर रात से अलसुबह तक खामी का पता नहीं चल पाया। हालांकि सुबह 9 बजे के बाद जैसे तैसे नेटवर्क शुरू कर दिया गया। अग्रवाल के मुताबिक भविष्य में इस तरह की परेशानी नहीं आए, इसके लिए शहरी उपभोक्ताओं से कनेक्टेड इस बीएससी को बदलवाया जा रहा है।
3जी नेटवर्क बाकायदा काम करता रहा
टीडीएम अग्रवाल के मुताबिक बीएससी में खराबी आने के कारण केवल 2जी उपभोक्ता परेशान हुए हैं। 3जी नेटवर्क दुरुस्त रहा। उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास है कि भविष्य में इस तरह की नौबत फिर नहीं आए, लेकिन जो उपभोक्ता स्मार्ट या 3जी फोन रखते हैं। वह इस नेटवर्क का फ्री उपयोग कर सकते हैं। वह अपने फोन के सेटिंग ऑप्शन में जाकर मोबाइल नेटवर्क पर जाएं। जहां उन्हें डब्ल्यूसीडीएमए, 3जी, ड्युअल मोड, यूएमटीएस जैसे विकल्प मिलेंगे। इनमें से किसी एक को चुनने के बाद उनका मोबाइल 3जी मोड पर काम करने लगेगा। जो शहर में 2जी से कहीं बेहतर है।