देवास के जंगल में छोड़ा उत्पाती बंदर
उज्जैन। नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित आनंदनगर में दो दिन से उत्पात मचा रहे बंदर को गुरुवार को इंदौर से आई रेस्क्यू टीम ने पकड़ लिया। पांच सदस्यीय टीम को करीब एक घंटे तक बंदर ने परेशानी किया। दो दिन में पांच लोगों को काटने वाले बंदर को टीम ने पकड़ कर दोपहर में देवास के जंगल में छोड़ दिया। बंदर ने दो दिनों में पांच लोगों को घायल किया था। इंदौर की टीम पहले बुधवार को आने वाली थी, परंतु किसी कारण से नहीं आ सकी थी। टीम गुरुवार सुबह करीब १०.३० बजे यहां पहुंची। ११.३० बजे के लगभग ने टीम ने आनंदनगर में अपने काम की शुरुआत की।
एक बार में लगा सटीक निशाना
टीम के साथ आए एक्सपर्ट शेरसिंह कटारा ने सटीक निशाना लगाकर बंदर को ट्रायकूलीन का इंजेक्शन दिया। करीब आधे घंटे के बाद बंदर बेहोश हो गया। बेहोश होते ही टीम के बाकी सदस्यों ने उसे पकड़ कर पिंजरे में बंद किया। इस दौरान आनंदनगर में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। वनमंडल अधिकारी पदमप्रिया बालकृष्णन ने बताया कि यहां संसाधन नहीं होने के कारण इंदौर की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया था। टीम ने बंदर को पकड़ कर देवास के जंगलों में छोड़ दिया।