दिनभर ठंड, रात में फिर बारिश
भास्कर संवाददाता - उज्जैन
मावठे की बारिश और कडाके की ठंड के बीच गुरुवार को दो दिन बाद धूप खिली लेकिन ठंड के तेवर नरम नहीं हुए। दोपहर करीब 2 बजे बाद धूप खिलने से दिन का तापमान 2.0 डिग्री बढ़कर 21.5 डिग्री हो गया। दिनभर चली शीतलहर के असर से दिन में कडाके की ठंड रही। रात करीब 10.30 बजे फिर हल्की बारिश के साथ बादलों ने अपना ढेरा जमा लिया। देर रात तक बूंदाबांदी का दौर जारी था। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान भी 0.5 डिग्री कम होकर 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
घोषणा के बाद भी लगाई छोटे बच्चों की कक्षाएं
कडाके की ठंड और बारिश के असर के कारण कलेक्टर बीएम शर्मा ने 23 से 25 जनवरी तक आठवीं तक की कक्षाओं में छुट्टियां घोषित करने के निर्देश दिए थे लेकिन गुरुवार को कलेक्टर के आदेश को हवा में उड़ाते हुए इंदौर रोड स्थित तक्षशिला जूनियर कॉलेज में छोटे बच्चों की कक्षाएं सुबह 8.30 बजे से लगाई गई। इस संबंध में जब स्कूल प्रबंधन से चर्चा की गई तो बताया गया कि उन्हें विभाग की ओर से कोई लिखित आदेश नहीं मिला है। कुछ पालकों के जरिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक भी स्कूल लगाए जाने की शिकायत मिली तो विभागीय अमला हरकत में आया। जिला शिक्षा अधिकारी आरके मिश्रा ने बताया स्कूल प्रबंधन को छुट्टी करने के आदेश जारी करने के साथ चेतावनी दी गई है। आगे ऐसी गलती पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में स्कूल प्राचार्य वी. गणेशन से चर्चा करनी चाही लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
गुरुवार को दिनभर मौसम तो खुला था लेकिन शीत लहर चलती रही। वहीं देर रात हुई रिमझिम बारिश से सड़कें भीग गई। फोटो अशोक मालवीय