कलेक्टर ने बाबू को विभाग से हटाया
भासं. उज्जैन। राजस्व अभिलेखागार से 50 हजार से अधिक की रद्दी बेचे जाने की शिकायत के मामले में कलेक्टर बीएम शर्मा ने बाबू को विभाग से हटा दिया। शोकाज नोटिस जारी कर कलेक्टर ने बाबू से 15 दिन में जवाब चाहा है। राजस्व अभिलेखागार में पदस्थ रहते बाबू मनोहरलाल सूर्यवंशी और बीएल परदेसी की शिकायत शाखा में शिकायत की गई थी। शिकायत में जिक्र है कि दोनों बाबुओं ने राजस्व अभिलेखागार से बाले-बाले 50 हजार रुपए से अधिक की तीन ट्रक रद्दी बेच दी। उक्त शिकायत की जांच जीवाजीगंज सिटी मजिस्ट्रेट व शिकायत शाखा प्रभारी मीना मिश्रा द्वारा की जा रही थी। हाल ही में जांच पूरी कर मिश्रा ने रिपोर्ट अपर कलेक्टर पवन जैन के समक्ष प्रस्तुत की थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए शनिवार को कलेक्टर बीएम शर्मा ने सूर्यवंशी को अभिलेखागार से हटाकर उज्जैन जनपद पंचायत कार्यालय में पदस्थ किया और शोकाज नोटिस जारी कर जवाब मांगे, जबकि बाबू परदेसी को पूर्व में ही नागदा के लिए रिलीव किया जा चुका था। बाबू सूर्यवंशी के खिलाफ राजस्व निरीक्षक मंडल ग्वालियर के एक दल के साथ अभद्रता किए जाने के भी आरोप है। जिस पर उक्त मामले की भी जांच जारी है।
दो बाबुओं को प्रभार: बाबू सूर्यवंशी को हटाकर कलेक्टर ने राजस्व अभिलेखागार शाखा का प्रभार बाबू नरेंद्र ठाकुर को दिया। इसके पहले बाबू ठाकुर प्रतिलिपि शाखा में पदस्थ थे। इसी प्रकार सूचना के अधिकार शाखा में पदस्थ बाबू कुलदीप राठौर को स्वकार्य के साथ प्रतिलिपि शाखा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा।
॥ बाबू सूर्यवंशी को राजस्व अभिलेखागार से हटाकर उज्जैन जनपद पंचायत कार्यालय में पदस्थ किया गया। कलेक्टर की ओर से उन्हें शोकाज नोटिस देकर जवाब मांगा है।॥ पवन जैन, अपर कलेक्टर