आज मनेगा गणतंत्र का जश्न
भास्कर संवाददाता.उज्जैन
रविवार सुबह हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र का जश्न मनेगा। दशहरा मैदान पर देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति के बीच हर आम और खास तिरंगे को सलामी देगा। शासन की ओर से स्कूली शिक्षा मंत्री पारस जैन राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पश्चात परेड का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एसएएफ के जवान तथा एनसीसी, स्काउट व स्कूली विद्यार्थी मार्चपास्ट कर सलामी देंगे। पुलिस, प्रशासन व अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी व विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। पिछले पांच दिनों से बादल छाने और बारिश की वजह से मैदान में कीचड़ हो गया है।
प्रशासन और नगर निगम की ओर से यहां मुरम बिछाई गई है। मुख्य समारोह में लोति स्कूल, शा.कन्या उमावि सराफा, शा. विजयाराजे स्कूल, भारतीय ज्ञानपीठ स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर ऋषिनगर एवं बाल संप्रेषण गृह के बच्चे योग, मलखंभ, नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। गणतंत्र की पूर्व संध्या पर सभी शासकीय भवन व इमारतें भी राष्ट्रीय पर्व की रोशनी से जगमगा उठी। टावर व कोठी पैलेस सहित शासकीय भवनों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई।
बैले भैरवी व दीप नृत्य : जिला प्रशासन व स्वराज संस्थान संचालनालय की ओर से शाम 7 बजे कालिदास अकादमी के अभिरंग नाट्यगृह में रंगश्री लिटिल बैल ट्रूप भोपाल के दल द्वारा बैले भैरवी व पं. रामचंद्र शर्मा भोपाल द्वारा दीप नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
भारतमाता जयघोष के साथ प्रस्तुतियां
शहीद पार्क पर संस्कार भारती की ओर से शनिवार रात भारत माता पूजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। अतिथि विधायक डॉ. मोहन यादव, सोनू गेहलोत, रामसिंह जादौन एवं बहादुरसिंह बोरमुंडला थे। कार्यक्रम में प्रतिभा नृत्य अकादमी की छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इनके अलावा रॉक डांस अकादमी के दल ने भी देशभक्तिआधारित प्रस्तुतियां दी। गायक ज्वलंत शर्मा के नेतृत्व में अन्य गायकों ने देशभक्तिगीत सुनाया। अंत में भारत माता की आरती, पूजन कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प लिया। संचालन ऋषिवंत सिंह तोमर ने किया। कार्यक्रम में श्रीपाद जोशी, संतोष व्यास ने स्वागत किया।
विद्यार्थियों ने मंच पर उतारा पूरा हिंदुस्तान
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर विक्रम विवि के स्वर्ण जयंती हॉल में शनिवार शाम रावी का संकल्प स्वराज सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। महाराष्ट्रीयन, गुजराती, राजस्थानी, मणिपुरी, त्रिपुरा और असम सहित अन्य प्रदेशों की संस्कृति की झलक के साथ विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों के जरिए देशभक्तिका जज्बा बखूबी दिखाया। मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक भोपाल प्रो. वीके शुक्ला थे एवं विशिष्ट अतिथि कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्र शर्मा थे। अध्यक्षता कुलसचिव डॉ. बीएल बुनकर ने की। संयोजक डॉ. निवेदिता वर्मा, डॉ. सादिक मंसूरी एवं डॉ. वीरेंद्र चावरे थे। संचालन छात्रा अनामिका गिरि ने किया।
मुख्य समारोह में कब क्या
सुबह ८.58 बजे
मुख्य अतिथि का आगमन।
9 से 9.05 बजे
ध्वजारोहण, परेड सलामी एवं बैंड द्वारा राष्ट्रीय धुन।
9.05 से 9.10 बजे
मुख्य अतिथि द्वारा
परेड का निरीक्षण।
9.10 से 9.30 बजे
मुख्यमंत्री के संदेश
का वाचन।
9.30 से 9.40 बजे
राष्ट्रपति की जय के नारे, हर्ष फायर और मार्च पास्ट।
9.40 से 10.40 बजे
सांस्कृतिक कार्यक्रम।
10.40 से 11.05 बजे
झांकी प्रदर्शन।
11.05 से 11.15 बजे
पारितोषिक वितरण।
((जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार))