पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मधुर डेयरी बनी चोरों का निशाना

मधुर डेयरी बनी चोरों का निशाना

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भासं .उज्जैन। फ्रीगंज स्थित मधुर डेयरी शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात चोरों का निशाना बनी। चोरों ने डेयरी के अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। माधवनगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार नरेंद्र पिता मोहनलाल वासवानी ने बताया कि शुक्रवार रात को मैनेजर व अन्य 4 कर्मचारियों ने दुकान बंद की थी। शनिवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो देखा अंदर कांच फूटे पड़े थे और डेयरी में रखा सामान गायब था। रात के समय चोरों ने दुकान से सारा सामान चुरा लिया। चोरी गए सामान के संबंध में जानकारी उनके भाई द्वारा दी जाएगी। पुलिस मामले में जांच कर रही है। इधर महाकाल पुलिस ने बताया कि अन्नपूर्णा नगर निवासी जितेंद्र पिता भेरूलाल कुमावत का धरमबड़ला के पास खेत है। शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात कुछ लोगों ने गोडाउन में रखी 10 बोरी सोयाबीन और 10 हजार रुपए चुरा लिए। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
दुकान विवाद में मारपीट
भासं .उज्जैन। सरदारपुरा निवासी रेखा पति स्व. नाथूसिंह कुशवाह ((40)) के साथ वहीं रहने वाले चेतन उर्फ भय्यू पिता सुंदरलाल यादव ने दुकान हटाने के विवाद को लेकर मारपीट कर दी। मामले में देवासगेट पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
कैदी बेटा फरार, मां के खिलाफ प्रकरण दर्ज
उज्जैन। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में 24 अप्रैल 2008 से आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी दीपक पिता अमृतलाल को 21 अक्टूबर 2011 को पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल पर रिहा करने के दौरान दीपक की मां राजकुमारी ने जमानत दी। पैरोल अवधि 30 अक्टूबर 2011 को समाप्त होने के बाद दीपक वापस नहीं लौटा। शनिवार को जेल प्रशासन ने दीपक की मां राजकुमारी के खिलाफ भैरवगढ़ थाने में प्रकरण दर्ज कराया है।
आत्महत्या का प्रयास करने वाली महिला के खिलाफ प्रकरण
उज्जैन। पुलिस रेडियो कॉलोनी निवासी रंजिता पति शिवकुमार परिहार ((35)) ने 9 जनवरी को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। परिजनों ने उसे देख लिया और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। माधवनगर पुलिस ने शनिवार को रंजिता के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
मारपीट करने वाले को 6 माह का कारावास
उज्जैन। तीन वर्ष पूर्व मारपीट करने के एक आरोपी को न्यायालय ने शनिवार को दोषी करार देते हुए 6 माह का कारावास व 200 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। एसपी अनुराग ने बताया 25 अप्रैल 09 को दमदमा निवासी रवि पिता माताप्रसाद ने न्यू राजीव गांधीनगर निवासी अमजद खां पिता बाबू खां को तेज आवाज में टेप बजाने पर मना किया। इस पर आरोपी अमजद ने रवि के साथ मारपीट कर उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी अमजद को जेएमएफसी नरेंद्र पटेल के न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने अमजद को दोषी करार देते हुए 6 माह की जेल व 200 रुपए अर्थदंड दिया है। पैरवी एडीपीओ अमित दारी ने की।
पांच चाकूधारी पकड़े
उज्जैन। चिमनगंज पुलिस ने शनिवार को पांच बदमाशों को चाकू लेकर घूमते पकड़ा। पांचों को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया है। अतिरिक्त विश्व बैंक कॉलोनी निवासी लोकेंद्र परिहार को तलवार लेकर, शाजापुर के ग्राम पीवाड़ा के भेरूलाल मालवीय को आगर रोड पेट्रोल पंप से चाकू के साथ, ताजपुर निवासी निसार खान को मोहननगर तिराहे से, शाजापुर के ग्राम सुपाड़ा निवासी रईस खान को गायत्रीनगर व ताजपुर के जावेद खान को हरिओम तौलकांटे के पास से चाकू लेकर घूमते पकड़ा।