- Hindi News
- एक दिन में देना होगी पैथालॉजी की जांच रिपोर्ट
एक दिन में देना होगी पैथालॉजी की जांच रिपोर्ट
भास्कर संवाददाता - उज्जैन
अस्पताल प्रशासन ने जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पतालों की पैथालॉजी लैब, बायोकेमिकल व एक्सरे जांच का समय बदला है। नए समय के तहत अब मरीज सुबह 8 से दोपहर 1 बजे व शाम 5 से 6 बजे तक लैब में जांच करवाने के लिए जा सकते हैं। नए आदेश के तहत मरीज को एक ही दिन में जांच रिपोर्ट देना होगी।
पहले एक्सरे विभाग, बायोकेमिकल व पैथालॉजी लैब का समय सुबह 9 से अपरान्ह 3 बजे का था। जिला अस्पताल, माधवनगर अस्पताल व अन्य अस्पतालों की ओपीडी ((बाह्य रोगी विभाग)) दोपहर 1 बजे बंद हो जाती है। ओपीडी के बंद होते ही पैथालॉजी के टेक्नीशियन व कर्मचारी भी चले जाते थे। लैब में कर्मचारियों के नहीं मिलने की वजह से मरीजों की जांच नहीं हो पाती। मरीजों की समस्या को ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने सभी सरकारी अस्पतालों में पैथालॉजी लैब व एक्सरे जांच का समय बदला है, जिसमें अब मरीज सुबह 8 से दोपहर 1 बजे व शाम को 5 से 6 बजे तक लैब में जांच करवा सकेंगे। सिविल सर्जन डॉ.सीडी शर्मा ने जिला अस्पताल प्रभारी, माधवनगर अस्पताल प्रभारी, जीवाजीगंज अस्पताल प्रभारी व छत्री चौक डिस्पेंसरी प्रभारी तथा पैथोलॉजिस्ट, रेडियोलाजिस्ट को आदेश जारी कर दिए हैं।
समय सीमा तय
॥मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नया समय निर्धारित किया गया है। जांच रिपोर्ट के लिए भी समय सीमा तय की गई है। डॉ. सीडी शर्मा, सिविल सर्जन
एक दिन में जांच रिपोर्ट
> पैथालॉजी सेम्पल लगातार लिए जाएंगे।
> 11 बजे तक लिए गए सेम्पल
की रिपोर्ट उसी दिन दोपहर 12 बजे तक मिलेगी।
> 11 से दोपहर 1 बजे तक लिए गए सेम्पल की रिपोर्ट उसी दिन शाम 5 से 6 बजे के बीच में देना होगी।
> शाम को ओपीडी में लिखी गई जांचों के सेम्पल उसी दिन लिए जाएंगे।
> रिपोर्ट दूसरे दिन सुबह 8 से
10.30 बजे के बीच अनिवार्य रूप से देना होगी।
इसलिए बदला समय
पैथालॉजी लैब व एक्सरे का समय सुबह 9 से अपरान्ह 3 बजे था। अस्पताल की ओपीडी दोपहर 1 बजे बंद हो जाती है। ओपीडी के बंद होने के बाद लैब के कर्मचारी भी चले जाते हैं। ऐसे में मरीजों की जांच दोपहर 1 बजे तक ही हो पाती थी। उसे जांच के लिए दूसरे दिन का इंतजार करना पड़ता था। मरीज को आकस्मिक जांच करवाना है तो उसके लिए टेक्नीशियन उपलब्ध रहेगा। शाम को 5 से 6 बजे तक भी मरीज जांच करवा सकते हैं।