पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सहायक आयुक्त की रिपोर्ट तैयार,उपायुक्त बोले मुझे नहीं मिली

सहायक आयुक्त की रिपोर्ट तैयार,उपायुक्त बोले मुझे नहीं मिली

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता.उज्जैन। नानाखेड़ा स्थित होटल शांति पैलेस का विस्तारीकरण तीन गृह निर्माण सहकारी संस्थाओं की जमीन पर होने के मामले में जांच पुरी की जाकर सहायक आयुक्त श्वेता रावत की रिपोर्ट तैयार हो गई है। विभागीय स्तर पर यह रिपोर्ट अटकी हुई है। सहकारिता उपायुक्त मनोज जायसवाल का कहना है कि मुझे कोई जांच रिपोर्ट नहीं मिली है।
गृह निर्माण सहकारी संस्थाओं के 70 प्लॉट पर होटल विस्तारीकरण किए जाने की शिकायत पर सहायक आयुक्त रावत ने जांच की है। संस्थाओं का पक्ष सुनने के बाद जांच रिपोर्ट पूरी हो गई है। यह जांच लोकायुक्त भोपाल के आदेश पर जिला प्रशासन द्वारा करवाई गई है। नवंबर माह में पूरी हुई जांच विभाग में ही अटकी हुई है। सहकारिता विभाग के उपायुक्त मनोज जायसवाल का कहना है कि जांच रिपोर्ट मुझे अब तक नहीं मिली है। जबकि विभागीय सूत्र बताते हैं कि जांच रिपोर्ट पूरी हो गई है। सहकारिता विभाग के सूत्र बताते हैं कि संस्था की जमीन अवैधानिक रूप से बेचना पाया गया है। ध्यान रहे कि उपायुक्त जायसवाल द्वारा की जांच में भी संस्थाओं की गड़बड़ी सामने आई थी,जिसमें संस्था अध्यक्षों को नीलगंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाने के आदेश जारी किए गए थे। संस्था अध्यक्षों ने थाना प्रभारी को आवेदन भी दे दिया है लेकिन अब तक पुलिस ने प्रकरण दर्ज नहीं किया है।
भवन अनुज्ञा निरस्त,फिर भी निर्माण
एसडीएम शैलेंद्र सोलंकी द्वारा डायवर्शन निरस्त किए जाने और अपर कलेक्टर पवन जैन द्वारा डायवर्शन निरस्ती के आदेश को जारी रखने तथा होटल संचालक की अपील को अनावश्यक बताते हुए निरस्त करने के बाद नगर निगम आयुक्त विवेक श्रोत्रिय ने होटल विस्तारीकरण जिस जमीन पर किया जा रहा है,उसकी भवन अनुज्ञा निरस्त कर दी है। यानी जो निर्माण हुआ वह अवैध घोषित हो चुका है। होटल संचालक आगे निर्माण भी नहीं कर सकता है। भवन अनुज्ञा निरस्त होने के बावजूद होटल का अंदरूनी निर्माण जारी होने के संबंध में नगर निगम के अधिकारी कानूनी पक्ष जानने के बाद कार्रवाई करेंगे। उनका कहना है कि कोर्ट का जो आदेश आया है,उसके बारे में नगर निगम के वकील से अभिमत लिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्रवाई पर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
इनका कहना
सहायक आयुक्त की जांच रिपोर्ट मेरे पास नहीं आई है।
मनोज जायसवाल,उपायुक्त सहकारिता