- Hindi News
- भस्मारती के तुरंत बाद गर्भगृह में पूजन नहीं करा सकेंगे पंडे
भस्मारती के तुरंत बाद गर्भगृह में पूजन नहीं करा सकेंगे पंडे
भास्कर संवाददाता. उज्जैन. ज्योतिर्लिंग महाकाल की भस्मारती के तुरंत बाद अब गर्भगृह में पंडे-पुजारी यजमानों का अभिषेक-पूजन आदि नहीं करा सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने सभी पंडे-पुजारियों को आदेश जारी कर कहा है कि सुबह 6 बजे के बाद भस्मारती समाप्त होते ही यजमानों का पूजन नहीं कराएं। लिखित आदेश में कहा गया है कि पंडे-पुजारी इसके लिए आधे घंटे या भीड़ सामान्य होने तक पूजन शुरू न करें। पंडे-पुजारियों को यह भी आदेश दिए हंै कि एक समय में दो से अधिक पंडे-पुजारी गर्भगृह में पूजन न कराएं। सोमवार को आदेश की प्रति मंदिर के सभी 16 पुजारी व 22 पुरोहितों, गर्भगृह-नंदीहॉल में ड्यूटीरत निरीक्षक, पुलिस अधिकारी आदि को जारी की गई।
पूजन की इसलिए नई व्यवस्था
रोज तड़के 4 बजे भस्मारती शुरू होती है। सुबह 6 बजे के बाद गर्भगृह में दर्शन के लिए आम श्रद्धालुओं की लाइन छोड़ दी जाती है। इस दौरान अक्सर भारी भीड़ उमड़ती है। इसी बीच पंडे-पुजारी भी अपने यजमान को लेकर गर्भगृह में अभिषेक-पूजन कराना शुरू कर देते हैं। इससे वहां धक्का-मुक्की होती है तथा रोज विवाद होते हैं। भीड़ प्रबंधन को देखते हुए प्रशासन ने पूजन की नई व्यवस्था की।
आदेश न मानने पर कार्रवाई
॥भस्मारती के तुरंत बाद पंडे-पुजारी गर्भगृह में जाकर यजमानों का पूजन नहीं कराएंगे। आधे घंटे या भीड़ सामान्य होने के बाद पूजन के लिए जाएंगे। एक बार में दो ही पंडे-पुजारी पूजन कराएंगे। आदेश के उल्लंघन पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।ø जयंत जोशी, प्रशासक महाकाल मंदिर प्रबंध समिति