- Hindi News
- राजीव आवास योजना के लिए रहवासियों की सहमति जरूरी
राजीव आवास योजना के लिए रहवासियों की सहमति जरूरी
भासं. उज्जैन. राजीव आवास योजना के तहत गंदी बस्तियों को हटा कर वहां बहुमंजिला आवासीय भवन बनाने की योजना को रहवासियों की मर्जी से ही लागू किया जाएगा। इस योजना के क्रियान्वयन में आने वाली दिक्कतों के समाधान के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में एक कमेटी बनाई गई है। कमेटी मामलों का समाधान करेगी।
भोपाल में सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने योजना के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और सुझावों के लिए बैठक बुलाई। इसमें मंत्री, विधायक, महापौर, अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे। योजना की जानकारी और कठिनाइयों पर चर्चा की गई। उज्जैन से विधायक डॉ. मोहन यादव व महापौर रामेश्वर अखंड ने बैठक में भाग लिया। महापौर के अनुसार बैठक में प्रदेश के जिन शहरों को इस योजना में शामिल किया है, उनकी एक जैसी समस्याएं हैं। इनके निराकरण के लिए कमेटी बना दी है। डॉ. यादव के अनुसार उन्होंने सुझाव दिया कि बस्तियों को हटा कर पक्के मकान बनाने में रहवासियों की सहमति ली जाए। जो लोग राजी हो, उन्हें ही इसमें शामिल करें। इसे सिद्धांतत: स्वीकार कर लिया है। डॉ. यादव को विजयवर्गीय वाली कमेटी में भी शामिल किया गया है।