- Hindi News
- डॉ. जटिया का राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल,अब लोकसभा के दावेदार उभरे
डॉ. जटिया का राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल,अब लोकसभा के दावेदार उभरे
भास्कर संवाददाता. उज्जैन
पूर्व सांसद डॉ. सत्यनारायण जटिया का सोमवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल होने के साथ ही अब लोकसभा के दावेदार मुखर होने लगे हैं। अलग-अलग गुटों से दावेदारों के नाम सामने आने से हलचल भी तेज हो गई है।
मप्र. से दो सीटों पर डॉ. जटिया व प्रभात झा के नामांकन सोमवार को विधानसभा में दाखिल कराए गए। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर के साथ उज्जैन से महापौर रामेश्वर अखंड, डॉ. तेजबहादुरसिंह चौहान, मदन सांखला व अन्य मौजूद थे। डॉ. जटिया उज्जैन संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव के लिए फिर से दावेदार माने जा रहे थे। पिछले चुनाव में पराजित होने के बाद उन्होंने फिर से तैयारी शुरू कर दी थी। लोकसभा चुनाव नजदीक आते इस सीट पर डॉ. जटिया के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव थावरचंद गेहलोत का नाम भी चल पड़ा था। लेकिन हिंदूवादी संगठन और पार्टी के रणनीतिकार उज्जैन सीट कांग्रेस से वापस छीनने के लिए नए चेहरे के पक्ष में हैं। इस नीति के चलते डॉ. जटिया व गेहलोत की दावेदारी खत्म करने के लिए डॉ. जटिया को भी राज्यसभा से सांसद बनाना तय हुआ। गेहलोत पहले से राज्यसभा में हैं। पार्टी अब इस स्थिति में है कि दोनों की दावेदारी को नकार सकती है।
बनेंगे नए समीकरण
जटिया और गेहलोत की दावेदारी दरकिनार होते ही पार्टी में नए समीकरण बनने लगे हैं। उज्जैन सीट के दावेदारों में महापौर रामेश्वर अखंड, डॉ. प्रभुलाल जाटवा, मदनलाल ललावत युवाओं में अनिल फिरोजिया, मुकेश टटवाल, डॉ. चिंतामणि मालवीय, सुरेश गिरी जैसे नाम सामने आए हैं। रणनीतिकार अपनी कसौटी पर परखे जाने वाले नेताओं पर नजर दौड़ा रहे हैं। पार्टी को ऐसे नेता की तलाश है जो लंबी रेस खेले। जानकारों की मानें तो भोपाल में हुई चुनाव समिति की बैठकों में उज्जैन संभाग की सीटों पर भी चर्चा का दौर चला। मालवांचल में फिर से झंडा फहराने के लिए पार्टी नए पुराने नामों पर विचार कर रही है। पूर्व मंत्री मनोहर ऊंटवाल, जगदीश देवड़ा ((देवास-शाजापुर)), दिलीपसिंह भूरिया, निर्मला भूरिया((रतलाम)), तपन भौमिक , रघुनंदन शर्मा, बंशीलाल गुर्जर ((मंदसौर-नीमच)) जैसे नाम उभरे हैं। तपन भौमिक उज्जैन में भी संगठन मंत्री पद पर लंबी पारी खेल चुके हैं।