बालक को डूबने से बचाया
उज्जैन। सोमवार दोपहर मुनिनगर तालाब में एक बालक डूबने लगा। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बालक को तालाब में कूदकर बचा लिया। हालांकि घटना की पुलिस और अस्पताल से पुष्टि नहीं हो सकी है। इधर बेगमबाग कॉलोनी में भी एक बच्चा गड्ढे में गिर पड़ा। बच्चे को गड्ढे में देख उसकी मां और पिता ने भी छलांग लगाकर बचा लिया।
खाने में छिपकली से पांच बीमार
उज्जैन। इंदौर रोड पर निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे पांच मजदूरों को खाना-खाने के बाद उल्टियां होने लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। आशंका है कि खाने में छिपकली गिरी होगी। नानाखेड़ा चौकी प्रभारी प्रशांत यादव ने बताया तबीयत खराब होने पर साथियों ने सोहेल, शाइन, तनसर, बाबू और नासिबुल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
हेरोइन तस्करों का सुराग लगाने महिदपुर पहुंची नारकोटिक्स टीम: उज्जैन। केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग की टीम सोमवार को हेरोइन तस्करों का सुराग लगाने महिदपुर पहुंची। टीम ने 22 जनवरी को नानाखेड़ा बस स्टैंड से मो. रबीक उर्फ मो. आशिक को पकड़ा था। उससे उज्जैन व आसपास के क्षेत्रों में तस्करों के बारे में जानकारी मिली थी।
पुलिस की पिटाई से हाथ टूटा: पारस नगर निवासी संजय पिता बुद्धिचंद का मकान को लेकर बड़े भाई भूपेंद्र से विवाद चल रहा था। इसको लेकर रविवार को दोनों भाईयों में मारपीट हो गई। संजय ने थाने में भूपेंद्र और उसके पुत्र अंकित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि पुलिस की पिटाई से उसके हाथ में फ्रेक्चर हो गया। इधर भूपेंद्र की शिकायत पर संजय के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।