खाद्य सुरक्षा बिल जनता के साथ साजिश
भास्कर संवाददाता.उज्जैन। भारतीय किसान संघ की ओर से सोमवार शाम लोति स्कूल परिसर स्थित राजाभाऊ महाकाल सभागृह में भारत की पारंपरिक आर्थिक नीतियां और वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता भाकिसं के राष्ट्रीय महामंत्री प्रभाकर केलकर ने कहा सरकार विदेशी कंपनियों से सांठगांठ कर खाद्य सुरक्षा बिल को लाना चाहती है, जो देश की जनता के साथ साजिश है। समाज सहित सभी वर्गों को मिलकर इसका विरोध करना चाहिए। सरकार की औद्योगिकीकरण नीति के कारण ही देशमें पिछले कुछ वर्षों में 4 लाख लघु कुटीर उद्योग बंद हुए हैं, जिससे करीब 1.20 करोड़ लोग बेरोजगार हुए हैं और देश की आर्थिक व्यवस्था भी गड़बड़ाई है। केलकर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा केजरीवाल की कबीर नामक एनजीओ को 1.70 लाख डॉलर की अमेरिका से मदद मिली थी। संगोष्ठी के विशिष्ट अतिथि समाजसेवी किशोर जायसवाल थे। अध्यक्षता बैंक अधिकारी सुरेंद्र कुमार अग्रवाल ने की। संचालन भाकिसं के प्रांत प्रवक्ता भारत सिंह बैस ने किया एवं आभार जिलाध्यक्ष महेंद्र रघुवंशी ने माना।