पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • महानंदा व महाश्वेता नगर में सबसे पहले घरों में पहुंचेगी घरेलू गैस

महानंदा व महाश्वेता नगर में सबसे पहले घरों में पहुंचेगी घरेलू गैस

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता. उज्जैन।
2014 में शहरवासियों को जहां वाहनों में आसानी से सीएनजी उपलब्ध होगी वहीं पाइप लाइन से सीधे घरों तक घरेलू गैस पीएनजी भी मिल सकेगी। इसे लेकर हाल ही में इंदौर की अवंतिका गैस लिमिटेड कंपनी ने कई इलाके चिन्हित किए हैं। पहले चरण में नए में शहर में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाएगा, जिसके तहत सबसे पहले पाइप लाइन से महानंदा व महाश्वेतानगर के रहवासियों को सीधे रसोई घर में बिना सिलेंडर के गैस उपलब्ध हो सकेगी। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक मदर स्टेशन के लिए नागझिरी स्थित तिलहन संघ की जमीन लीज की रजिस्ट्री हो चुकी है। अगले दो-तीन दिनों में पजेशन मिलने की प्रबल संभावनाएं हैं, जिस पर वे फरवरी में सीएनजी-पीएनजी के लिए मदर स्टेशन व पाइप लाइन बिछाने के लिए टेंडर जारी करेंगे।




10 करोड़ से बिछेगी पाइप लाइन

अवंतिका गैस कंपनी ने शहर में पाइप लाइन बिछाने का बजट 10 करोड़ रुपए जोड़ा है। नागझिरी से होती हुई पीएनजी ((पाइप नेचुरल गैस)) की लाइन महानंदा, महाश्वेता, नानाखेड़ा, ऋषिनगर, आजादनगर, दशहरा मैदान, सेठीनगर, लक्ष्मीनगर, फ्रीगंज आएगी। नए शहर में लाइन बिछाने के साथ ही कंपनी पीएनजी के कनेक्शन देना भी शुरू कर देगी। इसके बाद पुराने शहर में लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर कनेक्शन दिए जाएंगे। मदर स्टेशन स्थापना के लिए जून-जुलाई व पाइप लाइन बिछाने सहित घरों तक पीएनजी पहुंचाने का कंपनी का लक्ष्य अगस्त-सितंबर तक पूरा किए जाने का है। सोमवार को अवंतिका गैस लिमिटेड कंपनी ने सीधे घरों तक भेजी जाने वाली पीएनजी ((पाइप नेचुरल गैस)) का बजट तैयार किया। इसके तहत कंपनी करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से शहर में पाइप लाइन बिछाने की तैयारी कर रही है। इसके पहले अवंतिका गैस कंपनी फरवरी में ही सीएनजी मदर स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू करेगी।



इंदौर में पीएनजी के अभी ये भाव

: प्रति माह 25 एससीएम पीएनजी खपत पर- 29 रुपए पर एससीएम : 25 से 35 एससीएम खपत पर- 38 रुपए पर एससीएम : 35 एससीएम से ज्यादा खपत पर- 42 रुपए पर एससीएम

((नोट- सभी में 13 प्रतिशत वेट टैक्स अतिरिक्त))

कब सस्ती और महंगी पड़ेगी पीएनजी

इंदौर व देवास की कई कॉलोनियों में पाइप लाइन से सीधे घरों तक एससीएम ((स्टैंडर्ड क्यूब मीटर)) गैस 29 रुपए में पड़ती है। 13 प्रतिशत वेट टैक्स लगता है। पति-पत्नी और दो बच्चें के परिवार में अमूमन 15 स्टैंडर्ड क्यूब मीटर गैस की खपत होती है। जिस परिवार में साल भर में 9 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती है। उन्हें सिलेंडरों की कीमत के बराबर पाइप लाइन से घर तक गैस मिलती है। 12 सिलेंडरों की खपत वाले परिवार को पीएनजी सस्ती और 9 सिलेंडर से कम खपत वाले परिवार को महंगी पड़ती है।