फर्जी पावती बनाकर कर दिया जमीन का सौदा
भास्कर संवाददाता.उज्जैन। ठगों ने एक किसान की जमीन की फर्जी पावती बनाकर उसका सौदा कर दिया। घटना का पता चलने पर किसान ने ठगों को रुपए लेने के बहाने दशहरा मैदान बुलाया और पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। मंगलवार को सामने आए मामले में भैरवगढ़ पुलिस जांच कर रही है।
उन्हेल रोड़ के ग्राम नागपुरा खेड़ा निवासी रामसिंह पटेल ने बताया उनकी गांव में 45 बीघा जमीन है। कुछ बदमाशों ने उनके और उनके पुत्र के नाम से जमीन की फर्जी पावती बनाकर 10 लाख रुपए बीघा के हिसाब से सौदा कर दिया। बदमाशों ने खरीददारों से 60 हजार रुपए बयाना भी लेकर सोमवार को 12 लाख रुपए लेना तय कर लिया। सोमवार को सौदा होने का पता चलने पर उन्होंने बेचने वालों को रुपए लेने के लिए दशहरा मैदान बुलाया। वहां पर रुई निवासी गोपाल व बहादुर व इंगोरिया का सोनी आया। दोनों के जमीन का सौदा करने पर उन्हें माधवनगर थाने के हवाले कर शिकायत दर्जकर एसपी को भी आवेदन दिया है।
मामला जांच में अटका
माधवनगर टीआई आरके सिंह ने बताया मामला उन्हेल रोड का होने से पीडि़त को भैरवगढ़ थाने भेजा है। वहीं टीआई शिवा निनामा ने कहा रामसिंह के आवेदन की जांच कर रहे हैं। फर्जी पावती का परीक्षण करने के बाद प्रकरण दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई करेंगे।
डेढ़ लाख की चपत
उज्जैन। जनसुनवाई में मंगलवार को एसपी अनुराग के समक्ष 26 लोगों ने शिकायत की। आवेदकों में माकड़ौन के सात लोगों ने एक कंपनी पर निवेश के नाम पर डेढ़ लाख रुपए ठगने का आरोप लगाया। माकड़ौन निवासी सुमित्राबाई गामी, नागेंद्रसिंह, ममता सिंह, मातादीन वर्मा, रमादेवी और हुकुमचंद गार्डी ने एसपी को बताया वर्ष 2010 में ईव मेरिकन कंपनी ने निवेश पर सोना देने का लालच दिया था। उन्होंने कंपनी के उज्जैन प्रबंधक लक्ष्मीनगर निवासी रामसिंह सिकरवार के जरिए 23149 रुपए के मान से रुपए जमा कराए थे। वहीं संजूबाई ने 27 हजार रुपए दिए। अब तक न सोना मिला और न सभी के द्वारा जमा कराए 1.65 लाख 894 रुपए वापस मिले।