राजस्थान से बरामद हुआ सोना
भास्कर संवाददाता.उज्जैन। लखेरवाड़ी में गहने देखने के बहाने करीब ५ लाख का चोरी किया हुआ सोना पुलिस ने सोमवार को राजस्थान से बरामद कर लिया है। सोना आरोपी महिला का पति यहां से लेकर फरार हो गया था। महिलाओं ने पूछताछ के दौरान बताया और पुलिस टीम ने राजस्थान पहुंचकर पति को गिरफ्तार कर उसके पास से सोना बरामद कर लिया। टीआई एससी शर्मा ने बताया कि २४ जनवरी को राजस्थान के बारा जिले की तस्वीरबाई पति रामचरण मोगिंया ((३५)), सुनीता पति लातूर ((१९)) व राजकिया बाई पति सुग्रीव मोगिंया ((४०)) गहने लेने के बहाने लखेरवाड़ी में हर्ष ज्वेलर्स की दुकान पर आई थी। यहां गहने पसंद नहीं आने पर चली गई परंतु इस दौरान महिलाओं ने लखेरवाड़ी में एक दुकान पर आई महिलाओं ने दुकान से करीब ५ लाख रुपए कीमत के १५० ग्राम सोने पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता चलते ही ज्वेलर्स ने मोचीवाड़े से महिलाओं को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से महिलाओं की शिनाख्त कर उन्हें २५ जनवरी को गिरफ्तार किया व २७ जनवरी तक रिमांड पर लिया। पूछताछ में महिलाओं से सारा सोना तसबीर के पति रामचरण द्वारा ले जाने की बात स्वीकार की गई। इस पर टीआई एससी शर्मा, एसआई संविदा सोलकी, बीएस चौधरी, कपिल शर्मा, आशा लकवाल, किरण पाठक आदि ने राजस्थान के बारा जिले के ग्राम बमूलिया से रामचरण को गिरफ्तार कर उससे सोने के दाने, टॉप्स व अन्य जेवरात बरामद कर लिए। पुलिस आरोपी रामचरण को लेकर यहां आई और कोर्ट में पेश कर उसे ३० जनवरी तक रिमांड पर लिया है।
पुलिस गिरफ्त में महिलाएं। इनसेट बरामद सोना।