- Hindi News
- सेवरखेड़ी डेम की जगह 3 नए स्टापडेम, कल होगी बैठक
सेवरखेड़ी डेम की जगह 3 नए स्टापडेम, कल होगी बैठक
भासं. उज्जैन. अंतत: सेवरखेड़ी डेम योजना लगभग वापस हो गई है। इसकी जगह शिप्रा में तीन नए स्टापडेम बनाए जाना प्रस्तावित हैं। ये स्टापडेम निनौरा बैराज, नरवर बैराज ((दोनों उज्जैन जिला)) व मरेठी बैराज ((देवास जिला)) में होंगे। गुरुवार को भोपाल में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली सिंहस्थ 2016 की हाई पॉवर कमेटी में इसका फैसला होने की संभावना है। राज्य सरकार ने शिप्रा को प्रवाहमान बनाने और सिंहस्थ 2016 में पेयजल आपूर्ति के लिए करीब 2 साल पहले सेवरखेड़ी डेम योजना बनाई थी। करीब 200 करोड़ की इस योजना में शिप्रा पर डेम बना कर पाइप लाइन से शिप्रा का पानी त्रिवेणी तक लाने की योजना थी। जल संसाधन विभाग के सर्वे में डेम का स्थान बदल कर सेवरखेड़ी की जगह आलमपुर उड़ाने के नजदीक होने के बाद किसानों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। इस बीच राज्य शासन की ही नर्मदा-शिप्रा लिंक योजना पूरी हो गई है तथा 6 फरवरी को इसका शुभारंभ होने का ऐलान भी मुख्यमंत्री कर चुके हैं। इस स्थिति में सेवरखेड़ी डेम की जरूरत नहीं रही है। योजना पर ताकत लगाने की जगह शिप्रा का पानी रोकने के लिए 3 नए स्टापडेम का प्रस्ताव लाया गया है। मंगलवार को संभागायुक्त अरुण पांडेय की अध्यक्षता में हुई सिंहस्थ के निर्माण व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में यह प्रस्ताव जल संसाधन के ईई एसपी सोनी ने रखा। इसे अब गुरुवार को भोपाल में होने वाली मुख्य सचिव की हाई पॉवर कमेटी में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
॥सेवरखेड़ी की जगह तीन नए स्टापडेम बनाए जाने का प्रस्ताव है। खान डायवर्सन योजना को भी प्राथमिकता में लिया है। मुख्य सचिव की बैठक में इन्हें प्रस्तुत किया जाएगा। अरुण पांडेय, संभागायुक्त
अब खान डायवर्सन पर जोर
सिंहस्थ कार्यों में अब शिप्रा में मिलने वाली इंदौर की खान नदी की रोकथाम के लिए बनाई खान डायवर्सन योजना को मंजूरी दिलाना भी प्राथमिकता में है। 72 करोड़ रु. की योजना में खान को रोक कर इसका पानी शिप्रा में मिलने से रोक कर किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराना है। शिप्रा में नर्मदा का पानी लाया जा रहा है। यदि खान को नहीं रोका जाता है तो नर्मदा का पानी भी प्रदूषित होगा।
इन योजनाओं पर भी मंथन : : कालिदास अकादमी स्थित संकुल के पास ऑडिटोरियम व खुला मंच। : सभी फोरलेन रोड पर सेंट्रल लाइटिंग। : रामघाट का सौंदर्यीकरण, फव्वारे व अन्य कार्य।
: सिंहस्थ क्षेत्र से लगी शहर की सड़कों का निर्माण।