- Hindi News
- किराया नहीं चुकाया, अब भवन खाली करना होंगे
किराया नहीं चुकाया, अब भवन खाली करना होंगे
भास्कर संवाददाता - उज्जैन
सरकारी विभागों ने यूडीए ((उज्जैन विकास प्राधिकरण)) से भवन किराए पर ले रखे हैं। भरतपुरी स्थित आरटीओ कार्यालय ((क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी)) सहित 8 विभागों ने लंबे समय से यूडीए को किराया जमा नहीं किया है। अब संभागायुक्त व यूडीए चेयरमैन अरुण पांडेय की ओर से विभागों को लिखा गया है कि तत्काल किराया जमा करें। किराया जमा नहीं करने की स्थिति में विभागों को यूडीए के भवन खाली करना पड़ेंगे।
यूडीए के अधिकारियों ने बताया 8 सरकारी विभागों पर करीब 43 लाख से ज्यादा का किराया बाकी है। सबसे ज्यादा किराया उपपंजीयक सहकारी संस्थाएं पर 13 लाख 37 हजार 873 रुपए बकाया है। विभागों को भवन का किराया प्रतिमाह चुकाना होता है, इसके लिए संबंधित विभागों को यूडीए की ओर से कई बार लिखा गया लेकिन किराया राशि जमा नहीं की गई। किराए जमा नहीं करने पर यूडीए संबंधित विभागों से भवन खाली करवाने की कार्रवाई कर सकता है। संभागायुक्त व यूडीए चेयरमैन पांडेय ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने बकायादार किराएदारों की सूची तैयार करवाई और संबंधित विभागों को किराया जमा करने के आदेश दिए हैं। एक लाख से ऊपर के बकायादार विभाग यदि किराए राशि जमा नहीं करते हैं तो यूडीए उनसे भवन खाली करवाएगा। इसके लिए जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। वहीं आरटीओ एचआर रोहित का कहना है कि मेरे कार्यकाल का पूरा किराया विकास प्राधिकरण को जमा करवाया जा चुका है। बकाया किराया पहले का है, उसको लेकर विवाद है, जिसका निराकरण होना है। अन्य विभागों के अधिकारियों का तर्क है कि आगे से हमें किराए की राशि नहीं मिली है, इसलिए किराया जमा नहीं करवा पाए हैं। विभाग से राशि प्राप्त होने पर किराया जमा करवाया जाएगा।
किस विभाग पर कितना बकाया
विभाग राशि
मप्र सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन 1,80,810
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी 10,29,006
उपपंजीयक सहकारी संस्थाएं 13,37,873
ऋषिनगर परस्पर सह.साख संस्थाएं 1,86,623
उपायुक्तवाणिज्यिक कर 2,63,529
सीएमएचओ पुरुष बहुउद्देशीय 4,49,703
सहायक श्रम आयुक्त 1,19,976
जिला पंजीयक उज्जैन 1,05,090
प्राधिकरण कराएगा भवन खाली
॥जिन विभागों पर 1 लाख से ऊपर की बकाया राशि है,उनके द्वारा किराए की राशि जमा नहीं की जाती है तो प्राधिकरण उनसे भवन खाली करवाएगा।ञ्जञ्ज शिवेंद्र सिंह,सीईओ यूडीए