- Hindi News
- नए सत्र से स्कूलों में नहीं लगेगा सूचना का शुल्क
नए सत्र से स्कूलों में नहीं लगेगा सूचना का शुल्क
भास्कर संवाददाता - उज्जैन
विद्यार्थियों के संबंध में एसएमएस के जरिए जानकारी की सुविधा के नाम पर अब स्कूल प्रबंधन नए सत्र ((2014-15)) से कोई शुल्क नहीं वसूल सकेंगे। मामले में जिला शिक्षा विभाग की ओर से जिले के 1200 से अधिक स्कूलों को पत्र जारी कर इस संबंध में निर्देश जारी किए जाएंगे। निर्देश के बावजूद शुल्क वसूलने की शिकायत पाए जाने पर विभागीय स्तर पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहर सहित जिले के विभिन्न स्कूलों ने एसएमएस के माध्यम से विद्यार्थियों की सूचना पालकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया बीते सत्रों में शुरू की है। इसके एवज में पालकों से 500 से 600 रुपए तक का वार्षिक शुल्क लिया जा रहा है। इस संबंध में भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग के अधिकारी सजग हुए हैं। स्कूल संचालन के दिशा-निर्देशों को खंगालने के बाद विभाग ने सभी स्कूलों को पत्र जारी करने का निर्णय लिया है। पत्र का मसौदा तैयार भी तैयार किया जा चुका है। पत्र जिले के करीब 1241 स्कूलों को भेजा जाएगा। पत्र में आकस्मिक स्थितियों में घोषित किए जाने वाले अवकाश की स्थिति में स्कूल का संचालन नहीं करने, स्कूल के समय में बदलाव होने पर निर्देशों का पालन करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
॥पैरेंट्स को स्कूल या विद्यार्थी के संबंध में कोई सूचना देने के नाम पर शुल्क लिए जाने का प्रावधान दिशा-निर्देशों में नहीं है। जिले के सभी निजी स्कूलों को पत्र जारी किया जा रहा है। जिसमें उन्हें आगामी सत्र से ऐसा कोई शुल्क नहीं लेने के निर्देश दिए जा रहे हैं। एनएस सोलंकी, जिला योजना अधिकारी, जिला शिक्षा विभाग