पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शिक्षक निभाए पढ़ाने का फर्ज

शिक्षक निभाए पढ़ाने का फर्ज

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता - उज्जैन
शिक्षकों की हर मांग व समस्या का निराकरण सरकार करेगी। शिक्षक पूरी जिम्मेदारी के साथ पढ़ाने का अपना मूल फर्ज निभाए और स्कूलों में तालाबंदी की स्थिति न आने दें। स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन ने यह बात बुधवार दोपहर अध्यापक संविदा शिक्षक संघ के जिला सम्मेलन में सैकड़ों अध्यापक व संविदा शिक्षकों को संबोधित करते हुए कही।
अध्यापक संविदा शिक्षक संघ मप्र की जिला इकाई की ओर से बुधवार को प्रेमछाया परिसर में जिला सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। दोपहर में हुए मुख्य कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री जैन ने कहा शिक्षकों को वेतन सहित अन्य समानता मिलनी चाहिए। शिक्षकों की मांगों को क्रियान्वित करने के लिए मैं हर संभव प्रयास करूंगा। मंत्री जैन ने कहा शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए शिक्षक भी आगे बढ़े। समय पर स्कूल जाएं और अपनी समस्याओं के कारण शिक्षक स्कूलों में ताले न लगाएं। कार्यक्रम में विधायक अनिल फिरोजिया, सतीश मालवीय एवं बहादुर सिंह चौहान सहित कर्मचारी व शिक्षक संघ पदाधिकारी भी बतौर अतिथि उपस्थित थे। इस दौरान संघ की ओर से मंत्री जैन सहित तीनों विधायकों का शाल-श्रीफल व प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. कैलाश बारोड व प्रांतीय महासचिव दिग्विजय सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में संघ की ओर से समान वेतन की एकमुश्त किस्त जारी करने सहित 15 सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन भी मंत्री जैन को दिया गया। इसके पहले सुबह जिलेभर से आए शिक्षकों ने अपनी समस्याओं के संबंध में विचार-विमर्श किया। एक दिनी सम्मेलन में जिलेभर के 600 से अधिक अध्यापक व संविदा शिक्षक शामिल हुए।
गेहूं बेचने वाला स्कूल मंत्री तो चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री क्यों नहीं : अपने भाषण के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन ने कहा कि मैं गेहूं बेचने का कारोबार करता हूं। जब धड़ी-धड़ी गेहूं और गुड़ बेचने वाला स्कूल शिक्षा मंत्री बन सकता है तो चाय बेचने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री क्यों नहीं बन सकता। शिक्षक संघ के मंच से मंत्री जैन ने नरेंद्र मोदी को ही अगला प्रधानमंत्री बनाने की अपील भी की।




सम्मेलन में मंत्री पारस जैन सहित जिले के विधायकों का सम्मान भी किया गया।