- Hindi News
- आज ओपीडी बंद, इमरजेंसी निजी डॉक्टर के भरोसे
आज ओपीडी बंद, इमरजेंसी निजी डॉक्टर के भरोसे
भास्कर संवाददाता - उज्जैन
जिला अस्पताल सहित जिले के सभी सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं शुक्रवार को गड़बड़ा जाएगी। सिवनी ((लखनादौन)) में डॉक्टर के खिलाफ हुई कार्रवाई के विरोध में जिले के सभी सरकारी डॉक्टर व स्टॉफ अवकाश पर रहेगा। जिला अस्पताल व माधवनगर अस्पताल की ओपीडी शुक्रवार को बंद रहेगी, यहां इमरजेंसी सेवाएं निजी डॉक्टर के भरोसे रहेगी। सिवनी ((लखनादौन)) में डॉक्टर व स्टाफ नर्स के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिले के डॉक्टर्स लामबंद हो गए हैं। मप्र चिकित्सा अधिकारी संघ के निर्णय के तहत शुक्रवार को जिले के सभी डॉक्टर्स व स्वास्थ्यकर्मी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। चिकित्सा अधिकारी संघ ने पत्र के माध्यम से जिला अस्पताल प्रशासन को अवकाश से अवगत कराया है। डॉक्टर सुबह 11 बजे जिला अस्पताल परिसर में स्थित सेठी बिल्डिंग में इकट्ठा होंगे और पुलिस कार्रवाई का विरोध करेंगे। आगे की रणनीति भी बनाएंगे। डॉक्टर्स इमरजेंसी सेवाएं भी नहीं देंगे। जिला अस्पताल व माधवनगर अस्पताल की ओपीडी ((बाह्य रोगी विभाग)) बंद रहेगी। ऐसी स्थिति में जिला अस्पताल की मुख्य बिल्डिंग में इमरजेंसी चालू रखी जाएगी। यहां निजी चिकित्सक सेवाएं देंगे।