पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 450 बेड का अस्पताल व पुलिस को 49 करोड़ मंजूर

450 बेड का अस्पताल व पुलिस को 49 करोड़ मंजूर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता. उज्जैन
सिंहस्थ 2016 की तैयारी के क्रम में जिला अस्पताल के पास एक और 450 बेड का नया अस्पताल बनाने की योजना को मुख्य सचिव ने गुरुवार को मंजूरी दे दी। इसका निर्माण गृह निर्माण मंडल कराएगा। मुख्य सचिव ने चालू और स्वीकृत योजनाओं की ही समीक्षा की। नई योजनाओं पर चर्चा नहीं हो पाई।
मुख्य सचिव एंटोनी डीसा की अध्यक्षता में आयोजित सिंहस्थ की हाई पॉवर कमेटी में गुरुवार को करीब 3 सौ करोड़ रु. की नई योजनाएं भी रखी गई थीं। इसमें सिंहस्थ क्षेत्र से लगे शहर की प्रमुख सड़कों का निर्माण तथा विभिन्न विभागों की योजनाएं शामिल थी। संभागायुक्त अरुण पांडेय ने योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने चालू और स्वीकृत योजनाओं पर बैठक को फोकस किया। निर्णायक मोड़ पर 450 बेड के अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव ही आ पाया। स्वास्थ्य विभाग की इस योजना को सैद्धांतिक रूप से पहले मंजूरी मिल चुकी है। हाई पॉवर कमेटी ने इस पर मुहर लगा दी है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी गृह निर्माण मंडल को सौंपी गई है। पुलिस के सीसीटीवी प्रोजेक्ट पर मुख्य सचिव ने गौर किया। पुलिस के प्रस्ताव पर सीसीटीवी ((मेला व शहर)), जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम और नया रेडिओ ट्रेकिंग सिस्टम के लिए 49 करोड़ रु. की मंजूरी मिल गई। बैठक में रामघाट के समीप कंट्रोल रूम सह वॉच टॉवर, पुलिस बैरक, सड़क, ब्रिज, सिंहस्थ मेला कार्यालय, घाट आदि के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मुख्य सचिव ने सभी निर्माण कार्य समय सीमा में पूरे कराने पर जोर दिया। पर्यटन विकास निगम, ऊर्जा विकास निगम, विद्युत वितरण कंपनी के कामों की भी समीक्षा की गई।




अब होगी साधिकार समिति बैठक

सिंहस्थ की तैयारियों की अब मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली साधिकार समिति की बैठक में मंत्री भी मौजूद रहेंगे। बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है। माना जा रहा है कि इसी महीने बैठक होगी, जिसमें सिंहस्थ मास्टर प्लान और जरूरी योजनाओं को मंजूरी दी जाएगी। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के पहले ये बैठक होनी है।

अधिकारी हुए खामोश

बैठक के बाद हमेशा मुखर रहने वाले अधिकारी अचानक खामोश नजर आए। बैठक की जानकारी देने के लिए कोई अधिकारी मोबाइल पर उपलब्ध नहीं हुए। विभागों के अधिकारियों के मोबाइल भी बंद थे या नॉट रीचेबल बता रहे थे। इससे बैठक को लेकर अनेक तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, जबकि संभागायुक्तअरुण पांडेय ने मंगलवार को सीएस की बैठक की तैयारी को लेकर 5 घंटे की मैराथन बैठक में नई और पुरानी योजनाओं का खाका तैयार किया था। करीब 300 करोड़ रु. की नई योजनाएं भी प्रजेंटेशन में रखी गई थी।