- Hindi News
- व्यापार संवर्धन बोर्ड में विदिशा को मिलेगा प्रतिनिधित्व
व्यापार संवर्धन बोर्ड में विदिशा को मिलेगा प्रतिनिधित्व
कार्यालय संवाददाता - विदिशा
व्यापार संवर्धन बोर्ड में विदिशा को भी प्रतिनिधित्व मिलेगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कही। वे यहां रविवार को स्थानीय परिणय गार्डन में आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने व्यापार महासंघ के अध्यक्ष देवराज अरोरा की ओर मुखातिब होत हुए कहाकि व्यापारी प्रतिनिधि को ही सदस्य बना दिया जाएगा। इसमें कुल 8 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
मंडल के अध्यक्ष स्वयं मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहाकि खाद्य सुरक्षा अधिनियम काला कानून है, हम इसका विरोध करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। यदि लूज आइल के विक्रय पर रोक लगाई गई तो गरीब वर्ग के लोगों को परेशानी होगी। इस प्रावधान को लागू नहीं करके इसकी अवधि एक साल और बढ़ा दी जाएगी। उद्योग और व्यापार के लिए बिजली की जरूरत को पूरा किया जा रहा है। विदिशा के व्यापारियों ने प्रदेश के व्यापारियों को दिशा दिखाने का काम किया है।
बड़ा सोलर प्लांट लगेगा
प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में सीएम ने कहाकि नीमच में एशिया का सबसे बड़ा सोलर प्लांट लगाया जा रहा है। इससे कोयले के साथ पानी से भी बिजली बनाने का काम किया जाएगा।
सोलर एनर्जी के मामले में मप्र अब गुजरात को भी पीछे छोड़ देगा। व्यापारियों से नाममात्र का टैक्स लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहाकि देश में उद्योगपति अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं, इसी वजह से वे यहां निवेश नहीं कर रहे हैं। पिछले दिनों बाजार क्षेत्र में अरोरा परिवार के 5 लोगों की आकस्मिक मौत के मामले में सीएम ने प्रति सदस्य 2-2 लाख रुपए उनके परिजनों को देने की घोषणा की।
डायलिसिस सेंटर में एक और मशीन लगाई जाएगी। मेडिकल कालेज का काम दो साल में पूरा हो जाएगा।
लागू ना हो नया कानून
व्यापार महासंघ के महामंत्री घनश्याम बंसल ने सीएम ने आग्रह किया कि वे नए खाद्य सुरक्षा अधिनियम को प्रदेश में लागू नहीं करें। कांग्रेस नेता गोविंद गोयल ने व्यापारियों से कहाकि खाद्य अधिनियम वर्ष 2006 में बनाया गया था। इसको लागू करने की अवधि भी कई बार बढ़ाई गई तब व्यापारियों ने इसका विरोध क्यों नहीं किया। कानून पास होते समय जागरूक रहना चाहिए। चेंबर्स आफ कामर्स के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने कहाकि यह कानून विकसित देशों की तर्ज पर बना है। इसकी सही जानकारी वकीलों और अधिकारियों को भी नहीं है। रमेश खंडेलवाल ने कहाकि व्यापारियों को 31 प्रकार के टैक्स देने होते हैं। एक समान कर प्रणाली लागू हो। महासंघ के अध्यक्ष देवराज अरोरा ने सीएम को उनका वादा याद दिलाते हुए कहाकि आप ने कहाकि प्रदेश में एक भी दुकान बंद नहीं होने दी जाएगी। कार्यक्रम में राजीव पीतलिया, विनोद ठुकराल, नवलकिशोर शास्त्री, राजेश जैन, पंकज अग्रवाल के साथ अनेक व्यापारी मौजूद थे।
व्यापारियों के प्रांतीय सम्मेलन में बोले सीएम
विदिशा। व्यापारियों के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री