- Hindi News
- मास्टर प्लान तैयार लेकिन नहीं हो रहा शहरी सीमाओं का विस्तार
मास्टर प्लान तैयार लेकिन नहीं हो रहा शहरी सीमाओं का विस्तार
कार्यालय संवाददाता - विदिशा
शहरी एवं ग्रामीण निवेश विकास विभाग ने हाल ही में विदिशा के शहरी क्षेत्र का मास्टर प्लान तैयार किया है। विभाग द्वारा वर्ष 2031 तक के लिए सुनियोजित विकास का प्लान बनाया गया है। प्लान तैयार होने के बाद भी इस पर कोई अमल नहीं किया जा रहा है। नए मास्टर प्लान में विदिशा के आसपास के करीब 45 गांवों को निवेश क्षेत्र में शामिल किया गया है। इसके बाद भी नगरपालिका परिषद द्वारा शहर की सीमाओं के विस्तार के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
वर्तमान में विदिशा शहर में 36 वार्ड हैं और चतुर्दिक सीमाएं करीब 10 वर्ग किमी क्षेत्र में फैली हुई हैं। शहरी क्षेत्र की आबादी भी वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार करीब 1 लाख 56 हजार है। यदि शहर के आसपास के 45 और गांवों को नगरपालिका की सीमा में मिलाया जाता है तो निश्चिित रूप से शहर का विकास और विस्तार तेज गति से हो सकेगा। पूरे इलाके की आबादी भी करीब 2 लाख तक पहुंच जाएगी।
लोगों को अपनी जरूरतों के मुताबिक जमीन उपलब्ध हो सकेगी। उद्योग-धंधों के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा। वहीं शहर की मूलभूत अधोसरंचना के कार्य किए जा सकेंगे।
इस संबंध में नगर तथा ग्राम निवेश विकास विभाग के सहायक संचालक आरसी सेन का कहना है कि शहर का वर्ष 2031 तक का मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है। अब आगे की कार्यवाही नगरपालिका परिषद को करनी है। शहर की सीमाओं का विस्तार करना उसकी जिम्मेदारी है। वहीं इस बारे में नगरपालिका अधिकारियों का मानना है कि मास्टर प्लान में अमल करने में समय लगता है। यह एक काफी जटिल प्रक्रिया है। कई पंचायतें नगरपालिका सीमा में शामिल होने के लिए अपनी एनओसी नहीं देती हैं। इससे उलझन होती है।
करेंगे प्रयास
॥परिसीमन समस्या का हल नहीं है। शहरी सीमाओं के विस्तार के संबंध में नए सिरे से प्रयास किए जाएंगे। इस संबंध में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर नया सिटी डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जा रहा है।
एमबी ओझा, कलेक्टर विदिशा
पार्षद कर रहे विरोध
नपा की परिसीमन प्रक्रिया का नगरपालिका के कांग्रेस पार्षद विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस पार्षद आशीषसिंह भदौरिया, सचिन भावसार सहित अन्य दर्जन भर से ज्यादा पार्षदों ने हाल ही में एसडीएम एके सिंह को ज्ञापन देकर परिसीमन का विरोध किया था। पार्षदों का कहना है कि नए परिसीमन से वार्डों की नई सीमाएं बन जाएंगी। इससे वार्ड के तमाम लोगों और पार्षदों दोनों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
नए सीडीपी की तैयारी
मुख्यमंत्री द्वारा विदिशा के चहुंमुखी विकास की घोषणा के साथ एक बार फिर से नया सिटी डेवलपमेंट प्लान बनाने में अधिकारी जुट गए हैं। इस संबंध में चर्चा के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री के निर्देश पर भोपाल में जिले के वरिष्ठ आला अफसरों की एक आवश्यक मीटिंग बुलाई गई। इसमें कलेक्टर एमबी ओझा, जिला पंचायत सीईओ एसबी सिंह और नगरपालिका सीएमओ आरपी मिश्रा आदि शामिल थे।
ञ्चनगरपालिका कर रही वार्डोंं के परिसीमन की कवायद
ञ्चपुराने सीडीपी पर नहीं हुआ कोई अमल
विसंगति - शहरी एवं ग्रामीण निवेश विकास विभाग ने बनाया वर्ष 2031 तक का प्लान
वार्डों का परिसीमन नहीं है समस्या का हल
नगरपालिका प्रशासन इन दिनों नगर के सभी 36 वार्डों का परिसीमन करने की तैयारी कर रही है। वार्डों का परिसीमन किसी समस्या का हल नहीं है। शहर का विस्तार लगातार होता जा रहा है। इस वजह से अब परिसीमन के बजाय नगरपालिका क्षेत्र की सीमाओं का विस्तार होना चाहिए। इसके लिए नए सिरे से सीमांकन की प्रक्रिया को शुरू करना होगा।
विदिशा। दिन-दिन बढ़ती जा रही है शहर की आबादी।