विकास की योजनाओं में अनियमितता
कार्यालय संवाददाता - विदिशा
बुधवार को अनेक पार्षदों ने कलेक्टोरेट में एडीएम को सीएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इन पार्षदों ने ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका परिषद में व्याप्त अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि विगत चार वर्षों में शहर के विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जो भी योजनाएं चलाई गईं, उनमें भ्रष्टाचार चलते भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं।
ज्ञापन सौंपने आए पार्षदों का कहना है कि इन विकास कार्यों में अनियमितताओं के चलते शहरवासियों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इतना ही नहीं ५ दिन में उक्त शासन स्तर पर निष्पक्ष एजेंसी से जांच की कार्रवाई नहीं होने पर पार्षदों ने माधवगंज चौक पर अनिश्ति कालीन धरना प्रदर्शन करने चेतावनी दी है। इस दौरान नेताप्रतिपक्ष सचिन भावसार, पार्षद मनोज खिची, सुरेंद्र सिंह, ममता पाल, अमित बोस, सुनीता नेमा सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे।
१२ बिंदुओं पर जांच की मांग: इन पार्षदों ने १२ बिंदुओं में शामिल जलआवर्धन योजना का निर्माण एवं भुगतान और खातों की जांच, सीवर लाइन निर्माण, श्यामाप्रसाद मुखर्जी पार्क के निर्माण कार्य, २०१० से खरीदे गए वाहनों के कोटेशन, वार्ड-१२ में चौपाटी निर्माण, जय कांप्लेक्स उन्नयन कार्य, सावरकर बाल बिहार रेल गाड़ी, नगर में हैंडपंपों के उत्खनन एवं सामग्री व्यय राशि, चार वर्षों में स्टोर द्वारा की खरीदी गई सामग्रियों, शहर की विभिन्न सड़कों पर डामरीकरण, विद्युत उपकरण की खरीदी एवं बिलों और निर्माण कार्यो के एस्टीमेट और एमबी का मुल्यांकन कर गुणवत्ता की जांच की मांग शामिल हैं।
एक दर्जन पार्षदों ने ज्ञापन दिया, जांच की मांग
विदिशा। एडीएम को पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन।