- Hindi News
- २५० किसानों ने साढ़े पांच घंटे दिया धरना
२५० किसानों ने साढ़े पांच घंटे दिया धरना
भास्कर संवाददाता - अंजड़
भारतीय किसान संघ के बैनर तले २५० किसानों ने १९ सूत्रीय मांगों को लेकर नगर में बुधवार को सुबह ११ बजे से थाने के सामने धरना दिया। शाम ४.३० बजे तक धरना देकर तहसीलदार जेपी भट्ट को ज्ञापन सौंपा। समस्याओं का निराकरण करने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी।
संघ के सदस्यों ने बताया किसानों की १९ सूत्रीय मांगों को लेकर नगर में २५० किसानों ने धरना दिया। किसानों ने शाम ४.३० बजे तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार जेपी भट्ट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन जिलाध्यक्ष मदन मुलेवा ने किया। ज्ञापन में बताया गया कि प्रत्येक सोसायटी में किसानों को जो खाद दिया जाता है, उसमें खाद कम मात्रा में रहता है। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। इसके लिए सोसायटी में तौलकांटा लगाकर खाद का वजन किया जाए। दूसरी मांग में आगामी गेहूं फसल का पंजीयन कराने वाले किसानों का पंजीयन होने के बाद पूरे जिले में उनकी जांच होना चाहिए। गलत पंजीयन होने पर उसका पंजीयन निरस्त करें ताकि उससे दूसरे किसानों को हानि न हो। इसके सहित १९ मांगें की गई। सदस्यों ने बताया मांगों को लेकर किसान संघ द्वारा अभी तो सांकेतिक धरना किया गया, इसके बाद अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। मंगलवार को संघ के पदाधिकारियों ने ठीकरी में धरना दिया था। इसमें १३ सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था। इस दौरान राजेंद्र दरबार, श्याम कछावा, मुकेश गेहलोत, सुनील जमादारी, राजेश जमादारी, मंशाराम पंचोले, मुकेश मुकाती, दिनेश राठौर, मुकेश यादव, लालू जमादारी, मोहन माली सहित करीब २५० किसान उपस्थित थे।
यह है अन्य मांगें
> किसानों को तीन फ्रेस बिजली दिन में १२ घंटे लगातार दी जाए।
> गन्ने का समर्थन मूल्य २८० प्रति क्विंटल कर बोनस की घोषणा करें।
> सोसायटी में किसानों से फसल बीमा वसूला जाता है। यह किसानों की इच्छा के अनुसार लिया जाए।
> मक्का की खरीदी समर्थन मूल्य पर रबी व खरीफ दोनों सीजन में की जाए।
> ठीकरी थाने के अंतर्गत आने वाले गांवों में फसल व मोटरपंप चोरी पर अंकुश लगाया जाए।
> प्रत्येक पंचायत के पटवारी सप्ताह में एक दिन पंचायत कार्यालय पर उपलब्ध रहें।
> पशु अस्पताल द्वारा प्रत्येक गांव में लार व गल घोटू के टीके पशुओं को समय पर लगाएं।
> तहसीलों में शिविर लगाकर किसानों के बंटवारे कर नवीन भू अधिकार पुस्तिका दी जाए।
तहसीलदार जेपी भट्ट को ज्ञापन सौंपते किसान संघ के पदाधिकारी।
विरोध प्रदर्शन - १९ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा, मांगे पूरी नहीं हुई तो देंगे अनिश्चितकालीन धरना