- Hindi News
- पाटीदार समाज का 4 को सामूहिक विवाह सम्मेलन
पाटीदार समाज का 4 को सामूहिक विवाह सम्मेलन
भास्कर संवाददाता - मंडवाड़ा
पाटीदार समाज के तत्वावधान में पाटीदार समाज सामूहिक आदर्श विवाह समिति अंजड़ द्वारा बसंत पंचमी ((4 फरवरी)) को नि:शुल्क विवाह सम्मेलन रखा जाएगा। इसमें शामिल होने वाले समाजजनों की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है। साथ ही शामिल होने वाले वर-वधु से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके लिए समाज में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
समिति सदस्यों ने बताया वर्तमान में शादी में फिजूल खर्च व महंगाई को देखते हुए समाज द्वारा सामूहिक विवाह का नि:शुल्क आयोजन रखा जाता है। इस आयोजन का पूरा खर्च समाजजनों द्वारा उठाया जाता है। समाज द्वारा 20 सालों से आयोजन किया जा रहा है। समाज अध्यक्ष गोविंद आवल्या ने बताया नि:शुल्क विवाह सम्मेलन में अब तक 8 जोड़ों ने अपना पंजीयन कराया है। विवाह में बड़ी मात्रा में फिजूल खर्च रोकने के लिए एवं समाज को एक नई दिशा देने के लिए हर वर्ष नि:शुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाता है। इससे समाज संगठित रहेगा। आर्थिक एवं कर्ज का बोझा नहीं बढ़ेगा। साथ ही समाज द्वारा भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
यहां होगा सामूहिक विवाह
सामूहिक विवाह सम्मेलन 4 फरवरी को अंजड़ के गायत्री मंदिर परिसर में सुबह 7.30 बजे से होगा। जहां गायत्री पद्धति से विवाह कराया जाएगा।
यहां रहेगी भोजन की व्यवस्था
विवाह समारोह में आने वाले बारातियों एवं अंजड़ समाजजनों के लिए सामूहिक भोज की व्यवस्था समाज के अन्नपूर्णा भवन पाटीदार समाज बायपास पर रहेगी।