- Hindi News
- पंचायत में मिला ताला तिरंगा नहीं फहराने पर ग्रामीणों ने जताया रोष
पंचायत में मिला ताला तिरंगा नहीं फहराने पर ग्रामीणों ने जताया रोष
भास्कर संवाददाता - दवाना
नगर के पास ग्राम पंचायत बलगांव में न तो पंचायत का ताला खुला न ही गणतंत्र पर्व पर तिरंगा फहराया गया। इस पर ग्रामीणों ने रोष जताते हुए सरपंच सचिव की शिकायत की। साथ ही कार्रवाई की मांग की। गणतंत्र दिवस पर सुबह से पंचायत भवन पर करीब 50 से 80 ग्रामीण पहुंचे। करीब दो घंटे तक पंचायत के बाहर सरपंच सचिव का इंतजार करते रहे लेकिन वे नहीं आए। इससे पंचायत में ग्रामसभा का भी आयोजन नहीं हो पाया। गांव के रमेश वास्कले व जितेंद्र मुजाल्दे ने बताया गणतंत्र दिवस पर पंचायत के ताले नहीं खुलने से शासकीय योजनाओं से ग्रामीण वंचित रह गए। इसके बाद ग्रामसभा के नोडल अधिकारी मावि टेमला के प्रधान पाठक अय्युब खान ने पंचनामा बनाया। इसमें ग्राम पंचायत सरपंच एवं सचिव ग्राम के पटवारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सहित अन्य जिम्मेदार कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। साथ ही ग्राम पंचायत में सरपंच के खिलाफ अनियमितता की शिकायत मिली। मप्र शासन की योजनाओं, ग्राम सभा की भी जानकारी पंचायत से नहीं दी जाती है। श्री खान ने पंचनामा बनाकर लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीण पन्नालाल वास्कले, जगदीश सैते, मेहताब भाई, बलराम आवासे, धन्नालाल सैते, मोहन सैते, राधेश्याम वास्कले, शिवराम भाई सहित अन्य ने सरपंच सचिव पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।