पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तिरंगा फहराकर लेंगे देशसेवा का संकल्प

तिरंगा फहराकर लेंगे देशसेवा का संकल्प

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता.शुजालपुर
नगर में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान शासकीय कार्यालयों पर झंडावंदन किया जाएगा तथा स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा मिठाई का वितरण किया जाएगा।
नगर के शासकीय एक्सीलेंस स्कूल में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में विधायक जसवंतसिंह हाड़ा अध्यक्ष तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष कुसुम मीणा मुख्य अतिथि, नपा अध्यक्ष रचना नीरज जैन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। गणतंत्र दिवस के पर्व के चलते नगर के सभी शासकीय स्कूलों पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। मंडी स्थित संजय चौक पर पूर्व मंत्री विद्याधर जोशी द्वारा झंडावंदन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों सहित नागरिकगण देश की अखंडता व देशसेवा का संकल्प लेंगे।
जगमगाए शासकीय संस्थान -सुसनेर. गणतंत्र दिवस पर रविवार को नगर की समस्त शैक्षणिक संस्थाओं, शासकीय कार्यालयों पर सुबह ध्वजारोहण होगा। सभी शासकीय कार्यालयों पर विद्युत सज्जा की गई है। नगर परिषद द्वारा पुराना पुलिस थाने के समीप हाथी दरवाजे पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। गणतंत्र दिवस पर नगर परिषद अध्यक्ष राणा यशवंतसिंह सुबह आठ बजे श्रीराम मंदिर धर्मशाला प्रांगण में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य आयोजन मिडिल स्कूल ग्राउंड पर होगा, जहां जनपद अध्यक्ष सीमा गोवर्धन रातडिय़ा सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगी। मिडिल स्कूल ग्राउंड पर विभिन्न स्कूलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसके अलावा झंडा चौक पर ब्लॉक कांग्रेस की ओर से ध्वजारोहण किया जाएगा।
संकुल प्राचार्य करेंगे झंडावंदन- रंथभंवर. शासकीय उमावि रंथभंवर में गणतंत्र दिवस समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। संकुल प्राचार्य एच.सी. गेहलोद झंडावंदन करेंगे। इसके बाद बच्चे रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर देश भक्ति व संस्कृति की रक्षा का संदेश देंगे।
एक्सीलेंस स्कूल में होगा मुख्य कार्यक्रम -कालापीपल. गणतंत्र दिवस पर रविवार को नगर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। सभी शासकीय-अशासकीय स्कूलों में बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाली जाएगी। मुख्य कार्यक्रम एक्सीलेंस स्कूल में होगा। जनपद अध्यक्ष मधु मालवीय झंडावंदन करेंगी। अध्यक्षता विधायक इंदरसिंह परमार करेंगे। इसके बाद रंगारंग कार्यक्रम होंगे।
प्रभातफेरी निकालकर बच्चे देंगे संदेश -टुकराना. गणतंत्र दिवस पर सुबह से गांव में देशक्ति और आजादी के तराने गूंजेंगे। तिरंगा लिए स्कूली बच्चे प्रभातफेरी निकालेंगे और सुसंदेश देंगे। मुख्य कार्यक्रम शासकीय मिडिल स्कूल और पंचायत परिसर में होगा। यहां सरपंच दिनेश शर्मा झंडावंदन करेंगे। इसी प्रकार हाई स्कूल में प्राचार्य के.के. अवस्थी झंडावंदन करेंगे। क्षेत्र के गोपीपुर, लोहरवास, भरड़, सतगांव आदि में भी हर्षोल्लास से गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा।



वर्षों से था इस दिन का इंतजार

॥वर्षों से यह दिन देखने के लिए इंतजार किया है। आज जब यह दिन आया है तो उत्सुकता बनी हुई है। कार्यक्रम स्थल पर जिलास्तर के इस समारोह को देखने के हर कोई लालायित है।॥

पी.एन. चतुर्वेदी, वरिष्ठ नागरिक

॥आगर को जिला बनाने के लिए यहां के लोगों ने काफी संघर्ष किया है। आज यह गणतंत्र का पहला समारोह उनके संघर्ष के बाद जिला आगर में होने से काफी उत्साह है।॥

सुरेंद्र कुमार मारू, वरिष्ठ अभिभाषक

॥लंबी प्रतीक्षा के बाद आगर जिला बनने के बाद बच्चे-युवा और बुजुर्ग, हर व्यक्तिके मन में पहली बार जिलास्तर पर मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को देखने उत्सुकता बनी हुई है। जिला बनने के बाद गणतंत्र दिवस की खुशी दोगुनी हो गई है।॥

प्रहलादसिंह चौहान, वरिष्ठ नागरिक

॥लंबे समय से क्षेत्र के लोग आगर जिला बनाने की जो मांग कर रहे थे, उसका प्रतिफल मिलने के बाद जो खुशी मिली है, वह गणतंत्र दिवस के इस मुख्य समारोह में पहली बार जिलास्तर पर आयोजित होने पर और अधिक हो गई है।॥

बजरंगलाल शर्मा, वरिष्ठ नागरिक

यहां होगा गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह।

बजरंगलाल शर्मा

प्रहलाद चौहान

सुरेंद्रकुमार मारू