- Hindi News
- एक सप्ताह बाद गल्ला मंडी कारोबार फिर शुरू
एक सप्ताह बाद गल्ला मंडी कारोबार फिर शुरू
भास्कर संवाददाता - शुजालपुर
गत एक सप्ताह से गल्ला में काम करने वाले गल्ला व्यापारियों द्वारा खाद्य अधिनियम के विरोध स्वरूप कारोबार बंद कर हड़ताल कर दी गई थी। इसके बाद से गल्ला मंडी में सन्नाटा पसरा हुआ था। 21 जनवरी से जारी हड़ताल के कारण सिटी स्थित लहसुन-प्याज मंडी भी बंद रही। लेकिन सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा अनाज व्यापारियों को दिए गए आश्वासन के बाद गल्ला मंडी में फिर कारोबार शुरू हो गया है।
हालांकि मंडी हड़ताल की सूचना किसानों तक नहीं पहुंचने के कारण पहले दिन तो कुछ ही किसान उपज लेकर पहुंचे थे। यहां दो पालियों में मंडी का घोष विक्रय होता है। जिसके चलते पहली पाली सुबह 10 से 1 बजे तक होती है लेकिन इस पाली में कोई भी किसान अपनी उपज लेकर नहीं पहुंचा। वहीं दूसरी पाली में करीब 10-12 किसान उपज लेकर पहुंचे थे। गल्ला मंडी का असर अभी तक बाजार में भी देखा गया। जिसके कारण बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। लेकिन गल्ला मंडी का कारोबार शुरू होते ही बाजार में भी चहल-पहल देखी गई। वहीं मंडी चालू होने से व्यापारियों ने भी राहत की सांस ली। क्योंकि गल्ला मंडी के कारण ही बाजार में चहल-पहल रहती है।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद शुरू- गल्ला मंडी चालू होने के बारे में अनाज व्यापारी संघ के सदस्य मनीष अग्रवाल का कहना है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद गल्ला मंडी का काम शुरू किया गया है। यदि खाद्य विभाग द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई की जाती है तो हमारे द्वारा फिर से पूर्व की तरह काम बंद कर दिया जाएगा। क्योंकि यह अधिनियम हम व्यापारियों के लिए ही नहीं किसानों के लिए भी नुकसानदायक है। आश्वासन के बाद हमारे द्वारा फिर से गल्ला मंडी में खरीदी की शुरू कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के विरोध में २१ जनवरी से बंद थी मंडी