- Hindi News
- शिक्षक व सहायक शिक्षक संवर्ग ने की पदोन्नति की मांग
शिक्षक व सहायक शिक्षक संवर्ग ने की पदोन्नति की मांग
शुजालपुर - शिक्षक व सहायक शिक्षक संवर्ग को व्याख्याता शिक्षक, एईओ एवं प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नत करने की मांग एक बार फिर राज्य कर्मचारी संघ ने उठाई है।
संघ के तहसील प्रमुख ललित बिड़वाले ने बताया कि पूर्व से ही शिक्षक एवं सहायक शिक्षक संवर्ग पदोन्नति से वंचित हैं। इससे संवर्ग में निराशा है। बिड़वाले ने बताया शिक्षकों को निम्न बिंदुओं के आधार पर पदोन्नति दी जानी चाहिए। शिक्षक से व्याख्याता एवं प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति में 5 एवं 3 साल उच्च श्रेणी शिक्षक पद पर रहने का बंधन समाप्त किया जाना चाहिए। रिक्त पदों पर विषयवार वरिष्ठता सूची अनुसार पदोन्नति की जाए ऐसा करने से नए शिक्षक के पद निर्मित होंगे। मिडिल स्कूलों में शिक्षक का पद बनाया गया है मिडिल स्कूलों में कार्यरत सहायक शिक्षकों की गणना कर उतने पद शिक्षकों के बनाए जाने एवं उन पदों पर सहायक शिक्षक से शिक्षक पद पर पदोन्नति की जाए। इस संबंध में सहायक शिक्षकों द्वारा मुख्यमंत्री को विधायक जसवंत सिंह हाड़ा के माध्यम से एक पत्र भी भेजा है।
जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन- बड़ौद - अध्यापकों ने क्रमोन्नति एवं पदोन्नति के आदेश में हो रहे विलंब की ओर ध्यान आकर्षित कर निराकरण के लिए जिला पंचायत उपाध्यक्ष गोंविदसिंह बरखेड़ी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें 2001 में नियुक्त सहायक अध्यापक एवं अध्यापकों के क्रमोन्नति आदेश जनपद एवं जिला पंचायत से कराने की मांग की गई है। मनीष परमार, दिनेश मोदी, मुन्नालाल चौहान, किरण चौहान, अनिल पांडे, विक्रमसिंह आदि मौजूद थे।
अध्यापक संवर्ग ने की हड़ताल अवधि के वेतन की मांग-नलखेड़ा - अध्यापक संवर्ग द्वारा ‘समान कार्य-समान वेतन’ की मांग को लेकर पूर्व में हड़ताल की गई थी। लेकिन अध्यापक संवर्ग को आज तक हड़ताल अवधि का वेतन नहीं मिला है। कुछ दिन पूर्व स्कूली शिक्षामंत्री पारस जैन के शाजापुर आगमन पर अध्यापक संवर्ग ने अपनी मांगों के संदर्भ में पत्र भी सौंपा था। अध्यापक संवर्ग के मुकेश लोहार, गोरेलाल सूर्यवंशी, गोकुलप्रसाद कुलमिया ने बताया कि उन्होंने उक्त मांग को लेकर मुख्यमंत्री, स्कूली शिक्षामंत्री, जेडी, डीईओ को पत्र लिखकर हड़ताल अवधि के वेतन की मांग की है। मामले में डीईओ थॉमस भूरिया का कहना है कि सभी शिक्षकों को हड़ताल अवधि का वेतन मिल चुका है। अध्यापक संवर्ग इसमें छूट गए हैं। हमें कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। जेडी ने इस आशय की जानकारी मांगी थी जो द्वारा भेज दी गई है।