असंतुष्ट बोहरा समाजजन ने दिया ज्ञापन
बदनावर. दाऊदी बोहरा समाज ने शनिवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम रंजीतसिंह बालोदिया को दिया। समाज में शांति एवं सुरक्षा भंग न हो, ऐसी व्यवस्था की मांग की। ज्ञापन में बताया कि धर्मगुरु सैयदना साहब के निधन से समाज में शोक व्याप्त है। उनके पुत्र सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन तउस के 53वें दाई उल मुतलक बनने से समाज को संतोष एवं हिम्मत मिल रही है। सैयदना के चचेरे भाई खुजेमा कुतुबुद्दीन ने अनुचित तरीके से उत्तराधिकारी बनने के दावे से पूरी दुनिया के दाऊदी बोहरा समाज के लोगों में असंतोष व्याप्त है।
बोहरा समाज शांतिप्रिय समाज है। समाज अपनी उन्नति के लिए सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन को 53वां दाई उल मुतलक मानता है। यह मांग भी की है कि खुजेमा कुतुबुद्दीन या उनके परिवार के सदस्य या उनसे संबंधित अन्य लोग समाज की शांति एवं सुरक्षा को भंग न कर दे, ऐसी व्यवस्था करें। आमिल शेख कुतुबुद्दीन सुवासरावाला, मुश्ताकभाई बोहरा, असगरभाई टीनवाला, शब्बीरभाई, कुतुबभाई, खोजेमाभाई, अदनानभाई, काईदभाई आदि मौजूद थे। वाचन खोजेमाभाई संदलावाला ने किया।
धर्मगुरु के उत्तराधिकारी का मामला : सैयदना के चचेरे भाई खुजेमा कुतुबुद्दीन ने अनुचित तरीके से उत्तराधिकारी बनने के दावे से दाऊदी बोहरा समाज के लोगों में असंतोष
धार में भी कलेक्टर को दिया ज्ञापन
धार. दाऊदी बोहरा जमात धार ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया। इसमें बताया सैयदना साहब के निधन के दुख के दौरान 53वें दाई मुतलक सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन की उपस्थिति से समाज को तसल्ली है। इस दौरान खोजेमा कुतुबुद्दीन ने झूठा दावा किया है जिससे समाज को दु:ख पहुंचा है। हम चाहते हैं कि सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के नेतृत्व में फलें-फूलें। विरोधी पक्ष किसी तरह का नुकसान न पहुंचाए, शत्रुता न करे, ऐसी व्यवस्था कराएं।