‘गांव की सबसे छोटी बैंक महिला समूह’
भास्कर संवाददाता - सिंघाना
केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक टी विजय कुमार और मप्र आजीविका मिशन के प्रभारी एलएम बेलवाल शुक्रवार रात 10 बजे मनावर ब्लॉक के पलासी पहुंचे। साथ में जिला पंचायत सीईओ श्रीकांत बनोठ भी थे। गांव के 10 महिला समूहों का मूल्यांकन किया। कुमार ने महिलाओं को वर्मी कम्पोस्ट खाद के बारे में बताया। बोले गरीबी हटाने के लिए अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देना जरूरी है। इसके लिए महिलाओं को आगे आना होगा। समूह के माध्यम से गांव की महिलाएं भविष्य में बहुत सारे कार्य कर सकती हैं। जैसे गांव में स्कूल का संचालन आदि। गांव में सबसे छोटी बैंक महिलाओं का समूह ही है। समूह के माध्यम से ऋण लेनदेन से परिवार के बाहरी कर्ज में कमी होती है। सीईओ को शौचालय, पीने के पानी एवं खरंजा निर्माण आदि की समस्याएं बताई गईं। उन्होंने 30 जनवरी को होने वाली ग्राम सभा के जरिये सभी काम करवाने की बात महिलाओं से कही। पंचायत सचिव को पात्र हितग्राहियों के सभी प्रकरण पारित कर पेंशन देने के निर्देश दिए। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन भोपाल के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरके शर्मा, राज्य प्रबंधक डॉ. सविता जैन, अरुण कुमार तिवारी, सर्प संस्था से जी प्रकाश राव, एसीईओ एम वास्कले, आजीविका मिशन जिला मिशन प्रबंधक कन्हैयालाल सोनी एवं टीम उपस्थित थी। जानकारी ब्लॉक मैनेजर मनोज जोशी ने दी।