वृद्ध क्लीनर को पीट- पीटकर मार डाला
पीथमपुर - सेक्टर नंबर तीन में स्टील बनाने वाली कंपनी के गेट के सामने सोमवार रात को वृद्ध ट्रक क्लीनर की अज्ञात बाइक सवारों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी और भाग गए। सुबह कंपनी के चौकीदार ने वृद्ध का शव देख पुलिस को सूचना की। पुलिस के अनुसार वृद्ध की शिनाख्त रामेश्वर उर्फ रामा ((65)) निवासी गोकलपुर ((देपालपुर)) के रूप में हुई है। यह ट्रक का क्लीनर है। दो अन्य ट्रक चालक आशाराम पिता पूनाजी व सद्दाम पिता ताज मोहम्मद ने पुलिस को बताया दो बाइकों पर तीन युवक आए थे और उसे पीट रहे थे। वृद्ध रतलाम से ट्रक चालक दरबारसिंह के साथ आया था। रात में यहीं रुक गया था। रात तीन बजे के बीच बाइक सवारों ने उसे पीटा था। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सटोरिया पकड़ाया
पीथमपुर - कुटी चौराहे पर मंगलवार सुबह आठ बजे पुलिस ने दबिश देकर मोबाइल पर सट्टा लिखते हुए एक सटोरिये को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र पिता त्रिलोक मोबाइल पर सट्टा उतार रहा था। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से 2860 रुपए नकद व मोबाइल जब्त किया है। यह सागौर के सरफराज को सट्टा उतार रहा था। थाना प्रभारी विनोद सोनी ने बताया सरफराज से भी पूछताछ की जा रही है।
दवाइयां जब्त
पीथमपुर - खाद्य एवं औषधि विभाग के इंस्पेक्टर अशोक गोयल ने मोतीनगर सागौर डॉ. जुलू मंडल के क्लीनिक का निरीक्षण किया। यहां से 50 हजार से अधिक की अवैध रूप से रखी दवाइयां जब्त की। इंस्पेक्टर ने पंचनामा बनाया। विभाग की कार्रवाई शाम तक चलती रही। कार्रवाई के दौरान मेडिकल संचालक उपस्थित थे।