- Hindi News
- ऑफिस की हालत बदतर तोशहर को कैसे सुंदर बनाओगे ?
ऑफिस की हालत बदतर तोशहर को कैसे सुंदर बनाओगे ?
भास्कर संवाददाता - हरसूद
शहर को सुंदर बनाने वाली संस्था का ऑफिस ही बदहाल है तो शहर को कैसे सुंदर बनाओगे? यहां आने वाले लोगों के बैठने तक की जगह नहीं है। गोदाम में ऑफिस संचालन कर रहे हो। सालों से रंगरोगन नहीं दिख रहा। व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराएं।
औचक निरीक्षण करने नगर परिषद ऑफिस पहुंचे एसडीएम सुरेशचंद्र वर्मा ने सीएमओ किशोर गुर्जर को फटकार लगाते हुए यह बात कही। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उन्हें समस्याएं बताना शुरू कर दिया। शहर के लोगों ने स्ट्रीट लाइट बंद होने, राशन कार्ड समय पर नहीं बनने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी, सीवेज लाइन क्षतिग्रस्त होने आदि समस्याएं बताईं। एसडीएम ने समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। श्री वर्मा यहां से सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां मरीजों ने डॉक्टरों के समय पर नहीं आने, हितग्राहियों के भुगतान में विलंब, एक्स-रे मशीन बंद होने आदि की समस्याएं बताईं। श्री वर्मा ने बीएमओ को स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।
सूचना बोर्ड लगाया जाए : तहसीलदार महेंद्र जोशी मंगलवार को अचानक वार्ड क्रमांक 15 की शासकीय उचित दुकान पहुंच गए। उन्होंने सबसे पहले स्टाक रजिस्टर चेक किया। स्टाक में गेहूं, चावल, शकर व केरोसिन की स्थिति सही पाई गई। आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधनों का अभाव, सूचना बोर्ड नहीं पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए।