- Hindi News
- सीएम को खुश करने के लिए अफसरों ने फूंके 40 लाख रुपए
सीएम को खुश करने के लिए अफसरों ने फूंके 40 लाख रुपए
भास्कर संवाददाता - खरगोन
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को खुश करने के लिए जिले के अफसरों ने सीएम की सभा के इंतजाम में करीब 40 लाख रुपए खर्च किए हैं। जनता की गाढ़ी कमाई के पैसे सीएम को खुश करने में उड़ाए गए। यह आरोप आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक महिमाराम भार्गव ने लगाए हैं।
पार्टी का कहना है जिला प्रशासन ने हर विभाग को लोगों की भीड़ लाने के लिए टारगेट दिया था। ताकि सीएम को खुश रखा जा सके। जिन विभागों को लक्ष्य निर्धारित किया गया उनमें जिले की सभी जनपद के सीईओ के माध्यम से सचिवों से गांवों से भीड़ जुटाई गई। महिलाओं की भीड़ लाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं को सभास्थल तक लाया गया।
प्रशासन सार्वजनिक करें खर्च की राशि
श्री भार्गव ने मांग की कि प्रशासन आयोजन पर हुए खर्च की राशि सार्वजनिक करें। बताएं कितनी धनराशि उसे सरकार से प्राप्त हुई और कितनी खर्च हुई। वाहन, भोजन, कुर्सी, टेंट, शामियाने, माइक, लाउडस्पीकर, गीत-संगीत कार्यक्रम में कितना खर्च हुआ इसे जनहित में सार्वजनिक किया जाना चाहिए।