- Hindi News
- नहीं मिली चाइल्ड आईडी, 9932 से अधिक विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित
नहीं मिली चाइल्ड आईडी, 9932 से अधिक विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित
भास्कर संवाददाता - नेपानगर
क्षेत्र में समग्र का कार्य अधूरा होने से 9932 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों को अब तक छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई है। हर साल नवंबर में छात्रवृत्ति मिल जाती थी लेकिन इस साल विद्यार्थियों के हाथ खाली हैं। क्षेत्र के सभी स्कूलों ने विद्यार्थियों के आवेदन सहित अन्य जरूरी कार्रवाई पूरी कर ली है लेकिन समग्र के तहत हर परिवार को दी जाने वाली पोर्टल आईडी नहीं मिलने से चाइल्ड आईडी भी पोर्टल पर अपलोड नहीं की गई है। इस कारण हजारों छात्रवृत्ति प्रकरण लंबित हैं। नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा हर वार्ड में घर-घर पहुंचकर परिवारों की जानकारी जुटाई जा रही है। कई लोग ऐसे हैं जो शहर छोड़कर अन्य जगह बस गए हैं। कुछ लोग लंबे समय से बाहर हैं। ऐसे में कर्मचारियों को इन परिवारों के संबंध में जानकारी नहीं मिल पा रही है। घर-घर भटक रहे कर्मचारी जानकारी जुटाने को लेकर परेशान हो रहे हैं। उधर छात्रवृत्ति नहीं मिलने से विद्यार्थी भी फजीहत झेल रहे हैं।
इन योजनाओं के तहत मिलना है लाभ
शासकीय योजनाओं के तहत विद्यार्थियों दी जाने वाली छात्रवृत्ति को राज्य छात्रवृत्ति, केंद्र पोषित छात्रवृत्ति, और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति विभाजित किया गया है। इसके अलावा मेट्रिकोत्तर छात्रवृत्ति, अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति, कन्या साक्षरता, राज्य छात्रवृत्ति, विकलांग छात्रवृत्ति, कन्या प्रोत्साहन छात्रवृत्ति, सुदामा छात्रवृत्ति, निशक्तजन छात्रवृत्ति, भृत्य-अपंग योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
यह है चाइल्ड आईडी
शासन के निर्देश पर बच्चों के नाम सहित परिवार को सारा ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इसके तहत हर परिवार को पोर्टल पर एक आईडी दी जा रही है। इसमें परिवार के हर सदस्य की सभी जानकारी मुहैया कराई गई है। छात्रवृत्ति को लेकर भी इस साल से चाइल्ड आईडी मांगी जा रही है लेकिन अब तक समग्र का कार्य पूरा नहीं होने से अधिकांश परिवारों को पोर्टल नंबर नहीं मिल पाया है।
नेपा संकुल- प्रभारी अरुण महाजन ने बताया संकुल में प्राथमिक स्कूल के 627, माध्यमिक स्कूल के 597, हायर सेकंडरी के 454 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है। नगर के सेंट एंथोनी जेनेलियस कान्वेंट स्कूल के करीब 100, सिटीजन हायर सेकंडरी स्कूल के 450, नेपा उच्चतर माध्यमिक स्कूल के 750 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलने का इंतजार है।
भातखेड़ा संकुल- प्राचार्य राजेश तकझरे ने बताया प्राथमिक स्कूल के 939, माध्यमिक स्कूल के 656, हायर सेकंडरी स्कूल के 356 विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित हैं।
अंबाड़ा संकुल- प्रभारी उषा शाह ने बताया प्राथमिक स्कूल के 1254, माध्यमिक स्कूल के 1096, हायर सेकंडरी के 553 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है।
नावरा संकुल- प्राचार्य उदयसिंह जाटव के अनुसार प्राथमिक स्कूल के करीब 1350, माध्यमिक स्कूल के 1600, हाईस्कूल के 450 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है।
इतने प्रकरण हैं लंबित
क्षेत्र को समग्र का कार्य अधूरा होने से परेशानी, विद्यार्थियों सहित नगर पालिका कर्मचारी भी झेल रहे दिक्कत