दाता साहब मेले में मलगांव उत्सव 31 से
भास्कर संवाददाता - मलगांव
निमाड़ में आयोजित होने वाले मेलों में मलगांव का दाता साहब मेला विशेष पहचान बना चुका है। यहां उत्तम नस्ल के बैल बिकने आते हैं। इसके अलावा हरसूद विधायक विजय शाह ने मंत्री रहते मेले में कुछ साल पहले से मलगांव उत्सव शुरू कर चार चांद लगा दिए। यह उत्सव पांच दिन चलता है। इस वर्ष उत्सव 31 जनवरी से 4 फरवरी तक मनाया जाएगा। गुरुवार शाम दाता साहब की मजार पर संदल चढ़ाया गया।
जनपद पंचायत खालवा द्वारा आयोजित दाता साहब मलगांव मेले में इस साल से वाहनों से प्रवेश शुल्क वसूला जा रहा है। इससे मेले में आने वाले व्यापारियों और लोगों में नाराजी है। मेले में महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात आदि प्रदेशों से उत्तम नस्ल के बैल खरीदी-बिक्री के लिए आते हैं। बैल बाजार से जनपद को सबसे ज्यादा राजस्व मिलता है। बैल बाजार की वसूली अब तक जनपद कर्मचारी करते थे लेकिन इसे भी ठेके पर दे दिया गया है। मेले में मनोरंजन के साधनों के अलावा सभी घरेलू सामग्री की दुकानें लगी हैं। मलगांव उत्सव के दौरान राजस्थान, महाराष्ट्र, बुंदेलखंड व निमाड़ी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
बैलगाड़ी दौड़ 1 फरवरी को
मेले का प्रमुख आकर्षण बैलगाड़ी दौड़ 1 फरवरी को आयोजित की जाएगी। प्रथम पुरस्कार 41 हजार, दूसरा 31, तीसरा 21 तथा चौथा पुरस्कार 11 हजार रुपए रखा गया है। इस आयोजन के मुख्य अतिथि खाद्य आपूर्ति मंत्री विजय शाह होंगे।
कम हो रही थी आय
॥ मलगांव मेले से जनपद को लगातार आय कम हो रही थी। मेले को लेकर मंत्री विजय शाह की उपस्थिति में हुई बैठक में विचार कर वाहन कर वसूली का प्रस्ताव लिया गया था।
केवलराम पटेल, जनपद सदस्य खालवा