- Hindi News
- १२५ लोगों ने ग्राम सभा में कहा समग्र पोर्टल पर नहीं आए नाम
१२५ लोगों ने ग्राम सभा में कहा समग्र पोर्टल पर नहीं आए नाम
ञ्चग्रामीणों की कई समस्याओं का निराकरण
भास्कर संवाददाता - देड़तलाई
देड़तलाई पंचायत में सुबह ११ से शाम ५ बजे तक ग्रामसभा हुई। इसमें कई ग्रामीण समस्याएं लेकर पहुंचे। सबसे बड़ी समस्या हितग्राहियों के नाम समग्र पोर्टल पर नहीं आने की रही। गांव के १२५ हितग्राहियों ने पोर्टल पर नाम नहीं होने की समस्या सरपंच-सचिव को बताई। इनके राशन कार्ड, परिचय पत्र की फोटो सहित अन्य दस्तावेज जमा किए गए। सरपंच गंगाबाई गंगाराम, सचिव दशरथ सिलाले ने कहा हितग्राहियों का समस्त डाटा अफसरों को सौंपा जाएगा। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हितग्राहियों का नाम पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
ग्रामीणों ने सरपंच-सचिव को हैंडपंप बंद होने की समस्या बताई। इस पर सचिव दशरथ सिलाले ने मौके से ही पीएचई विभाग के अफसरों को फोन लगाकर हैंडपंप सुधारने को कहा। अफसरों ने सुधार का आश्वासन दिया। तीन हैंडपंप बंद होने से क्षेत्रवासियों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामसभा में पंच परमेश्वर योजना के तहत वार्ड क्रमांक १ से ५ तक सीमेंट रोड, नाली बनाने का प्रस्ताव बनाया गया। नालियों का पानी सड़क पर बहने से लोगों को चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग पर पंचायत ने नालियों की मरम्मत करने की बात कही। बैठक में सरपंच, सचिव सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
पीएचई अफसरों को लगाया फोन
> देड़तलाई पंचायत में सुबह ११ से शाम ५ बजे तक हुई ग्रामसभा