बादल छटे, हड़ताल टूटी, आज खुलेगी मंडी
भास्कर संवाददाता - खरगोन
सोमवार को बादल छटे। सुबह कोहरे के बाद दिनभर मौसम खुला-खुला नजर आया। फूड सिक्योरिटी एक्ट के विरोध में तीन दिन से जारी अनाज व्यापारियों की हड़ताल भी टूट गई। किसानों की दोहरी मुसीबत अब दूर होती नजर आ रही है। किसान अब पहले की तरह ही मंगलवार से अनाज मंडी में उत्पाद बेच सकेंगे। किसानों के लिए सोमवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। मौसम के लिहाज से सुबह कोहरे के साथ हुई लेकिन दिन आगे बढऩे के साथ ही तेज धूप खिली। बाद में नमी में भी काफी कमी आई। पिछले दिनों बारिश और ओले के बाद बिगड़ा मौसम का मिजाज फिर पटरी पर आता नजर आया। दोपहर के दौरान भी ठंडी हवा में कमी आई। शाम ढलने के बाद भी आसमान खुला रहा। मौसम के जानकारों की मानें तो अब ठंड का असर लगातार कम होगा। फिलहाल तेज बारिश के भी आसार नहीं है। फूड सिक्योरिटी एक्ट के प्रावधानों के विरोध में तीन दिन से व्यापारी हड़ताल पर थे। कृषि उपज मंडी प्रबंधन ने भी मजबूरी में किसानों से मंडी तक अनाज न लाने को कहा था। सोमवार शाम को अनाज मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष राकेश जैन बाबू ने बताया हड़ताल खत्म हो गई है। प्रदेश सरकार ने आश्वस्त किया है कि मप्र में फूड सिक्योरिटी एक्ट के पालन में यह विशेष ख्याल रखा जाएगा कि किसानों से लिए गए उत्पाद पर व्यापारियों को बिना वजह प्रावधान के सख्त कायदे का दोषी न बताया जाए। इस फैसले के बाद व्यापारियों में खुशी देखी गई। व्यापारियों ने मंगलवार से पहले की ही तरह अनाज खरीदी में शामिल होने का फैसला किया है।